Site icon Dainik Savera Times

दुबई में फिर जोरदार हमला, आसमान में उठा काले धुएं का गुबार

West Asia Crisis

West Asia Crisis

इंटरनेशनल डेस्क: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच यूएईट के शहर दुबई में शुक्रवार को एक बार फिर जोरदार धमाकों की आवाज सुनाई दी। धमाका इतना तेज था कि शहर की कई इमारतें हिल गईं और लोगों में डर का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मध्य दुबई के इलाके में आसमान में काले धुएं का घना गुबार उठता हुआ दिखाई दिया। लोगों का कहना है कि थोड़े अंतराल में दो बड़े धमाके हुए, जिससे आसपास का पूरा इलाका दहल गया।

घटना की जानकारी देते हुए दुबई मीडिया ऑफिस ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों ने एक हमले को समय रहते नाकाम कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा कार्रवाई के दौरान हमले से जुड़ा कुछ मलबा पास की एक इमारत के बाहरी हिस्से पर गिर गया, जिससे इमारत को नुकसान पहुंचा। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी की मौत नहीं हुई और न ही कोई व्यक्ति घायल हुआ है।

 

धमाकों के तुरंत बाद दुबई की प्रमुख सड़क शेख जायद रोड पर पुलिस और आपातकालीन सेवाओं के सायरन सुनाई देने लगे। सुरक्षा बलों ने एहतियात के तौर पर पूरे इलाके को घेर लिया और लोगों की आवाजाही पर भी नजर रखी जा रही है। यह घटना दुबई इंटरनेशनल फाइनेंशियल सेंटर (DIFC) के पास हुई बताई जा रही है, जो शहर का एक महत्वपूर्ण व्यावसायिक क्षेत्र माना जाता है।

बता दें दुबई में यह लगातार दूसरे दिन इस तरह की घटना सामने आई है। इससे एक दिन पहले गुरुवार को अल बदा इलाके में ड्रोन से जुड़ी एक घटना की खबर आई थी। उस दौरान भी शहर के बीचों-बीच धमाके जैसी आवाज सुनाई दी थी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर आ गई थीं।

दरअसल, 28 फरवरी से पश्चिम एशिया में शुरू हुए युद्ध के बाद से पूरे खाड़ी क्षेत्र में तनाव काफी बढ़ गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान की ओर से किए गए हमलों के चलते अब तक इस क्षेत्र में 11 आम नागरिकों की मौत हो चुकी है। इन घटनाओं के बाद दुबई प्रशासन ने शहर की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Exit mobile version