Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

Pakistan की एक और नापाक हरकत: नियंत्रण रेखा पर की फायरिंग, भारतीय सेना ने दिया करारा जवाब

May 2, 2025

Pakistan की एक और नापाक हरकत: नियंत्रण रेखा पर की फायरिंग, भारतीय सेना ने दिया करारा जवाब

नई दिल्ली: एक बार फिर पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा (LoC) पर संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए जम्मू-कश्मीर के कई संवेदनशील इलाकों में फायरिंग की। बीते आठ दिनों से लगातार LoC पर गोलीबारी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिनमें पाकिस्तान की ओर से बिना किसी उकसावे के छोटे हथियारों से निशाना बनाया जा रहा है।

-इन इलाकों पर हुई फायरिंग

भारतीय सेना ने पूरी मुस्तैदी से जवाबी कार्रवाई करते हुए सटीक और संयमित तरीके से दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब दिया। फायरिंग की ताजा घटना कुपवाड़ा, बारामूला, पुंछ, नौशेरा और अखनूर जैसे क्षेत्रों में देखी गई, जहां पाकिस्तान की ओर से रात के अंधेरे में फायरिंग की गई थी।

-भारत-अमेरिकी रक्षा मंत्रियों के बीच हुई बातचीत

इस बीच अंतरराष्ट्रीय मोर्चे पर भारत को अमेरिका का समर्थन मिला है। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से फोन पर बातचीत की और हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर गहरी संवेदना जताई। 22 अप्रैल को हुए इस हमले में 26 निर्दोष पर्यटकों की निर्मम हत्या कर दी गई थी, जिससे पूरे देश में रोष व्याप्त है।

बातचीत के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पाकिस्तान लगातार आतंकवादियों को पनाह, प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता दे रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र की शांति खतरे में है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अब एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उजागर हो चुका ‘धूर्त राष्ट्र’ बन गया है, जो आतंकवाद को बढ़ावा देकर वैश्विक सुरक्षा के लिए खतरा बनता जा रहा है।

-सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट

अमेरिकी रक्षा मंत्री ने भारत के आत्मरक्षा के अधिकार का समर्थन करते हुए कहा कि अमेरिका आतंक के खिलाफ भारत के साथ खड़ा है और किसी भी परिस्थिति में समर्थन जारी रखेगा। जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। सेना की सतर्कता और जवाबी कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भारत अपनी सीमाओं की सुरक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकता है।

ये भी पढ़ें- ‘Swayambhu’ में Nikhil Siddhartha का रोल क्यों है सबसे अलग? डायरेक्टर ने बताया सच

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें