Last Updated: October 14, 2026

Dainik Savera Times Logo

एशिया-प्रशांत देश चीनी पर्यटकों की वापसी के इंतजार में हैं

January 7, 2023

एशिया-प्रशांत देश चीनी पर्यटकों की वापसी के इंतजार में हैं

हाल ही में, चीन ने अपनी महामारी रोकथाम नीतियों को लगातार अनुकूलित और समायोजित किया है और अपने नागरिकों की आउटबाउंड यात्रा को व्यवस्थित तरीके से फिर से शुरू किया है। नए साल की शुरुआत में, चीनी पर्यटकों के धीरे-धीरे लौटने की खबर ने एशिया-प्रशांत क्षेत्र, विशेष रूप से पर्यटन उद्योग पर आधारित दक्षिण पूर्व एशियाई देशों की आर्थिक बहाली में विश्वास जोड़ा है। कई देशों की सरकारों और पर्यटन उद्योगों ने चीन के “पुराने दोस्तों” की वापसी का स्वागत करने की उत्सुकता व्यक्त की।

थाईलैंड के मार्क नाम के एक ड्राइवर की नजर में चीनी पर्यटकों की वापसी आर्थिक समृद्धि का संकेत है। महामारी के प्रकोप से पहले, थाईलैंड ने 2019 में लगभग 4 करोड़ विदेशी पर्यटकों का सत्कार किया, जिनमें से चीनी पर्यटकों का लगभग एक तिहाई हिस्सा था। थाई वित्त मंत्री अखोन डेंबिदायाबासी ने कहा कि हालांकि विश्व अर्थव्यवस्था गिरावट के दबाव का सामना कर रही है, चीन के नागरिकों की आउटबाउंड यात्रा की व्यवस्थित बहाली जैसे अनुकूल कारकों से इस वर्ष थाईलैंड के आर्थिक विकास लक्ष्य को 3.8% तक बढ़ाने की उम्मीद है।

फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस ने हाल ही में निमंत्रण जारी किया और उम्मीद जतायी कि चीनी पर्यटक फिलीपींस लौट आएंगे और इस उष्णकटिबंधीय द्वीप देश के प्राकृतिक दृश्यों और सांस्कृतिक रीति-रिवाजों का अनुभव करेंगे। इंडोनेशिया के पर्यटन और रचनात्मक अर्थव्यवस्था मंत्री सैंडियागा ऊनो ने हाल ही में कहा कि महामारी ने इंडोनेशिया के पर्यटन उद्योग और लगभग 10 लाख संबंधित नौकरियों को प्रभावित किया है, और इंडोनेशिया के पर्यटन के पुनरुद्धार के लिए चीनी पर्यटक बहुत महत्वपूर्ण हैं।

कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन सेन ने हाल ही में इस साल 20 लाख चीनी पर्यटकों का सत्कार करने की उम्मीद जतायी, ताकि कंबोडिया में तेज आर्थिक विकास को बढ़ावा दिया जा सके। इसके अलावा, कई सीमा-पार एयरलाइनों ने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों और मार्गों की संख्या बढ़ाने की योजना बनाई है। कई चीनी और वियतनामी एयरलाइनों ने घोषणा की है कि वे दोनों देशों के बीच उड़ानों और मार्गों की संख्या को बढ़ाएंगे, ताकि क्षेत्रीय सीमा पार पर्यटन उद्योग की बहाली में मदद मिल सके। न्यूज़ीलैंड सरकार ने 4 जनवरी को दोहराया कि सार्वजनिक स्वास्थ्य जोखिम मूल्यांकन के बाद, अंतर्राष्ट्रीय आगमन के लिए न्यूज़ीलैंड की महामारी रोकथाम आवश्यकताओं में कोई बदलाव नहीं हुआ है, और अतिरिक्त प्रवेश प्रतिबंधों को अपनाना न तो आवश्यक है और न ही उचित है। ऑस्ट्रेलियाई पर्यटन और परिवहन फोरम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मैगी ओसमंड ने कहा कि चीनी पर्यटकों के प्रवेश पर किसी भी प्रतिबंध से पर्यटन उद्योग को भारी झटका लगेगा, जिसके 2023 में ठीक होने की उम्मीद थी।

 

(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें