ह्यूस्टन : आर्टेमिस-2 मिशन के अंतरिक्ष यात्रियों ने चंद्रमा की सतह के दो गड्ढों के नाम अपने प्रियजनों के नाम पर रखने का प्रस्ताव रखा है। कमांडर रीड वाइजमैन और उनके दल ने एक गड्ढे का नाम अपने कैप्सूल ‘इंटीग्रिटी’ और दूसरे का नाम उनकी दिवंगत पत्नी कैरोल के नाम पर रखने की अनुमति मांगी। यह प्रस्ताव कनाडाई अंतरिक्ष यात्री जेरेमी हैनसेन ने चंद्रमा की परिक्रमा से पहले रखा।
वाइजमैन भावुक होने के कारण उस समय कुछ नहीं बोल सके। उनकी पत्नी कैरोल का 2020 में कैंसर से निधन हुआ था। नासा के वैज्ञानिकों ने इसे भावुक क्षण बताया। मिशन कंट्रोल ने प्रस्ताव स्वीकार कर लिया, जिसे औपचारिक मंजूरी के लिए अंतरराष्ट्रीय खगोलीय संघ को भेजा जाएगा। आर्टेमिस-2 मिशन 1972 के बाद चंद्रमा तक पहुंचने वाला पहला मानव मिशन है।