इंटरनेशनल डेस्कः सऊदी अरब के पूर्वी शहर दम्मम में स्थित किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार देर रात हमला हुआ। सऊदी नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने गुरुवार तड़के जानकारी दी कि इस हमले में एक सऊदी नागरिक की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हुए हैं। हमले के कारण एयरपोर्ट की कुछ इमारतों और अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंचा है। हमले के बाद एयरपोर्ट की ओर आने वाली कुछ उड़ानों का रूट बदल दिया गया। फ्लाइट-ट्रैकिंग सेवा FlightRadar24 ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि कई विमानों को दूसरे रास्ते से भेजा गया। एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई।
अभी साफ नहीं, किसने किया हमला
सऊदी अधिकारियों ने अभी तक यह नहीं बताया है कि दम्मम एयरपोर्ट पर हमला किस संगठन या समूह ने किया। ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने भी इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है और अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
हालांकि, सऊदी अरब के एयरपोर्ट और तेल ठिकानों पर पहले भी हूती विद्रोहियों की ओर से ड्रोन और मिसाइल हमले किए जाते रहे हैं। इसलिए इस हमले को भी उसी सिलसिले से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सऊदी गठबंधन ने 4 ड्रोन मार गिराने का दावा किया
हमले के बाद सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने बताया कि उसने देश के पूर्वी इलाके में चार ड्रोन हमलों को नाकाम किया है। अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा बल लगातार संभावित हवाई हमलों पर नजर रख रहे हैं।
अमेरिका ने अपने लोगों को सऊदी छोड़ने का आदेश दिया
हमले के बीच अमेरिका ने भी सऊदी अरब में अपने कुछ राजनयिकों और अमेरिकी सरकारी कर्मचारियों के परिवारों को देश छोड़ने का आदेश दिया है। अमेरिका ने यह फैसला सऊदी अरब में हाल के हमलों और क्षेत्र में बढ़ते तनाव को देखते हुए लिया है। आशंका है कि यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों और क्षेत्रीय ताकतों के बीच संघर्ष और बढ़ सकता है।
तेल क्षेत्र में ड्रोन हमले से 2 की मौत
इससे पहले सऊदी अरब के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में अरामको के एक तेल क्षेत्र के पास भी ड्रोन को मार गिराया गया था। ड्रोन के मलबे की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हुए। सऊदी ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार, मृतकों में नेपाल और फिलीपींस के नागरिक शामिल थे। वहीं घायल लोगों में पाकिस्तान और भारत के नागरिक बताए गए हैं।
पिछले महीने भी ड्रोन के मलबे से हुई थी मौत
पिछले महीने भी सऊदी अरब में एक ड्रोन को मार गिराए जाने के बाद उसके मलबे की चपेट में आने से यमन के एक निवासी की मौत हुई थी। उस समय इसे हूती हमलों से जुड़ी नागरिक मौत का पहला मामला बताया गया था।
अरामको की इमारत में भी लगी थी आग
सऊदी ऊर्जा मंत्रालय के मुताबिक, इस महीने की शुरुआत में पूर्वी प्रांत में स्थित अरामको की एक प्रशासनिक इमारत में आग लग गई थी। यह घटना भी उस समय हुई जब इलाके में हमला हुआ था।
बढ़ रहा है क्षेत्रीय तनाव
दम्मम एयरपोर्ट पर ताजा हमला ऐसे समय हुआ है जब सऊदी अरब में एयरपोर्ट, तेल सुविधाओं और अन्य महत्वपूर्ण ठिकानों को लेकर सुरक्षा चिंता बढ़ गई है। एक के बाद एक ड्रोन हमलों और उनके मलबे से हो रही मौतों ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।
फिलहाल दम्मम एयरपोर्ट पर हुए ताजा हमले की जिम्मेदारी किसी संगठन ने नहीं ली है। सऊदी अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं और आने वाले समय में हमले के पीछे किसका हाथ था, इसकी जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

