भारतीय उच्चायोग ने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वह पीड़ित परिवार के संपर्क में है और हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।भारतीय उच्चायोग ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘ऑस्ट्रेलिया में दिल दहला देने वाली त्रासदी: क्वींसलैंड के माउंट ईसा के पास बाढ़ की घटना में एक भारतीय नागरिक की जान चली गई।
मृतक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना है। टीम सभी आवश्यक सहायता के लिए मृतक के परिवार के संपर्क में है।‘अधिकारी द्वारा पीड़ित का नाम उजागर नहीं किया गया है। स्थानीय मीडिया ने बताया कि शुक्रवार को क्वींसलैंड में बाढ़ के पानी में आंशिक रूप से डूबी एक कार के अंदर 28 वर्षीय एक महिला मृत पाई गई।
ऑस्ट्रेलिया के मौसम विज्ञान ब्यूरो ने क्वींसलैंड के कुछ हिस्सों में तेज तूफान की चेतावनी जारी की है, इसमें लोगान, रेडलैंड सिटी और ब्रिस्बेन के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी शामिल है। ब्यूरो के नवीनतम अपडेट के अनुसार, तेज आंधी के चलते भारी बारिश होने की संभावना है, इससे राज्य के कुछ हिस्सों में अचानक बाढ़ आ सकती है।

