Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

नेपाल में GEN-Z की सरकार, युवा नेता बालेन शाह लेंगे प्रधानमंत्री पद की शपथ

March 27, 2026

नेपाल में GEN-Z की सरकार, युवा नेता बालेन शाह लेंगे प्रधानमंत्री पद की शपथ

इंटरनेशनल डेस्क: नेपाल की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। रैपर से नेता बने बालेंद्र शाह अब देश के सबसे युवा निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं, जिन्हें बालेन के नाम से जाना जाता है। वह आज यानि शुक्रवार को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे।

राष्ट्रपति भवन शीतल निवास में एक विशेष कार्यक्रम के दौरान उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। राष्ट्रपति कार्यालय के सूत्रों के अनुसार, यह समारोह औपचारिक रूप से आयोजित किया जाएगा।

बालेंद्र शाह को राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के संसदीय दल का नेता चुना गया है। पार्टी की केंद्रीय समिति की बैठक में सर्वसम्मति से उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई। पार्टी के नेताओं ने उन्हें नई सरकार बनाने और कैबिनेट तय करने का पूरा अधिकार भी दे दिया है।

सूत्रों के मुताबिक, बालेन एक छोटी लेकिन प्रभावी कैबिनेट बनाना चाहते हैं, जिसमें लगभग 15 से 18 मंत्री शामिल हो सकते हैं। इससे सरकार को तेज और कुशल तरीके से चलाने की कोशिश की जाएगी। इससे पहले संसद के निचले सदन यानी प्रतिनिधि सभा (एचओआर) के नए चुने गए सांसदों ने शपथ ली। यह शपथ ग्रहण संसद भवन में आयोजित किया गया। सबसे वरिष्ठ सांसद अर्जुन नारसिंह केसी ने सभी नए सांसदों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

बता दें नेपाल में 5 मार्च को हुए चुनाव के बाद अब सरकार गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। बालेंद्र शाह ने इन चुनावों में बड़ी जीत हासिल की और अब वे देश की बागडोर संभालने जा रहे हैं। 35 वर्षीय बालेन का राजनीति में आना काफी दिलचस्प रहा है, क्योंकि वह पहले एक लोकप्रिय रैपर के रूप में जाने जाते थे। अब वे देश के सबसे ऊंचे पद पर पहुंचने जा रहे हैं, जो नेपाल की राजनीति में एक नई दिशा का संकेत माना जा रहा है। इसके साथ ही वह मधेस क्षेत्र से आने वाले पहले व्यक्ति होंगे, जो प्रधानमंत्री पद संभालेंगे। इससे क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को भी मजबूती मिलेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें