Last Updated: September 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

Bangladesh Election 2026 : बांग्लादेश में 13वें संसदीय चुनाव के लिए मतदान शुरू, 299 सीटों पर डाले जा रहे वोट

February 12, 2026

Bangladesh Election 2026 : बांग्लादेश में 13वें संसदीय चुनाव के लिए मतदान शुरू, 299 सीटों पर डाले जा रहे वोट

Bangladesh Election 2026 : बांग्लादेश में 13वें आम संसदीय चुनाव के लिए आज सुबह स्थानीय समयानुसार 7:30 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई। देशभर के पोलिंग स्टेशनों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। कुल 300 संसदीय सीटों में से शेरपुर-3 सीट पर एक उम्मीदवार के निधन के कारण मतदान स्थगित कर दिया गया है, जिससे फिलहाल 299 सीटों पर ही वोटिंग हो रही है। मतदान शाम 4:30 बजे तक चलेगा, जबकि मतगणना शाम 5 बजे से आरंभ होगी।

बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी-BNP के चेयरमैन और बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान, 13वें संसदीय चुनाव के लिए अपना वोट डालने के लिए ढाका के गुलशन मॉडल स्कूल और कॉलेज में बने पोलिंग सेंटर पर पहुंचे।

हसीना सरकार के पतन के बाद पहला आम चुनाव

यह चुनाव बांग्लादेश की राजनीति में एक निर्णायक मोड़ माना जा रहा है। वर्ष 2024 में छात्रों के नेतृत्व में हुए व्यापक जनआंदोलन के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार सत्ता से बाहर हो गई थी। आंदोलन के बाद शेख हसीना को देश छोड़ना पड़ा। उनके शासन के अंत के बाद यह पहला आम चुनाव है, जिस पर देश और दुनिया की नजरें टिकी हुई हैं।

रिकॉर्ड संख्या में मतदाता

चुनाव आयोग के मुताबिक करीब 12.77 करोड़ पंजीकृत मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस बार संसदीय चुनाव के साथ एक राष्ट्रीय जनमत संग्रह भी आयोजित किया गया है, जिसमें संवैधानिक, चुनावी और संस्थागत सुधारों से जुड़े 84 बिंदुओं पर जनता की राय ली जा रही है। इसे भविष्य की राजनीतिक दिशा तय करने वाला अहम कदम माना जा रहा है।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए लगभग 10 लाख सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है, जो अब तक की सबसे बड़ी सुरक्षा व्यवस्था बताई जा रही है। आधे से अधिक मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है और सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार अब तक किसी बड़े हिंसक घटना की सूचना नहीं है। ढाका के गुलशन मॉडल स्कूल और कॉलेज में बने पोलिंग सेंटर पर मतदाताओं की लंबी लाइनें देखी गईं। पोलिंग सेंटर के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। 13वें संसदीय चुनाव के लिए वोटिंग शुरू हो गई है।

आवामी लीग के बिना चुनावी मुकाबला

इस बार का चुनाव इसलिए भी खास है क्योंकि यह पहली बार है जब शेख हसीना की आवामी लीग पार्टी चुनावी मैदान में नहीं है। आंदोलन के दौरान हिंसा और दमन के आरोपों के बाद पार्टी पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।

मुख्य मुकाबला अब बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) और जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले 11-दलीय गठबंधन के बीच माना जा रहा है। BNP का नेतृत्व पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के पुत्र तारिक रहमान कर रहे हैं, जो लंबे निर्वासन के बाद हाल ही में ढाका लौटे हैं। उन्हें प्रधानमंत्री पद का प्रमुख दावेदार माना जा रहा है।

एक मतदाता ने कहा

“मुझे बहुत अच्छा लग रहा है क्योंकि यह मेरी ज़िंदगी में पहली बार है जब मैंने वोट दिया है, और यह बहुत आसान है क्योंकि बैलेट से कोई दिक्कत नहीं हो रही है… वोटर्स को वोट डालने में कोई दिक्कत नहीं होगी, और अंदर की व्यवस्था ऐसा है कि इसे नंबर के हिसाब से अलग-अलग कमरों में बांटा गया है… उन्होंने अब तक इसे काफी अच्छे से मैनेज किया है…”

ये भी पढ़ें: Aadhaar Update: आधार कार्ड में DOB कैसे बदली जा सकती है? जानें नए नियम और जरूरी दस्तावेज

शाम से शुरू होगी मतगणना

मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद शाम 5 बजे से मतगणना शुरू कर दी जाएगी। कुछ इलाकों में मतदान समय बढ़ाए जाने की संभावना भी जताई गई है। चुनाव परिणाम देश की राजनीतिक दिशा तय करेंगे और यह स्पष्ट करेंगे कि बांग्लादेश की जनता बदलाव चाहती है या मौजूदा अंतरिम व्यवस्था को समर्थन देती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें