
इंटरनेशनल डेस्क : बांग्लादेश में एक हिंदू महिला से रेप किए जाने का मामला सामने आया है। कुमिल्ला जिले के मुरादनगर इलाके में रथ यात्रा के दिन महिला के साथ दरिंदगी की गई है। बताया जा रहा है कि आरोपी बांग्लादेश नेशनल पार्टी (BNP) से जुड़ा है। रेप का वीडियो बनाकर भी वायरल किया गया है। पुलिस ने मामले में 5 आरोपियों को अरेस्ट किया है।
बताया जा रहा है कि वारदात राजधानी ढाका से 66 किलोमीटर दूर हुई है। 25 साल की महिला से दरिंदगी किए जाने के मामले में हिंदू संगठनों ने कड़ा विरोध जाहिर किया है। घटना के बाद मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार भी हिंदू संगठनों के निशाने पर है। आरोप लग रहे हैं कि अल्पसंख्यकों को जबरन निशाना बनाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि हिंदू परिवार अपने धार्मिक कार्यक्रम में व्यस्त था। पड़ोस के घर में यह वारदात हुई है। आरोपी की पहचान 38 वर्षीय फज्र अली के तौर पर हुई है। आरोपी बहेरचर पांचकिट्टा गांव का रहने वाला है। हालांकि पुलिस ने आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं बताया है।
पुलिस ने मुरादनगर थाने में केस दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि महिला 15 दिन पहले ही अपने मायके आई थी। आरोपी ने रात के समय पीड़िता के घर का दरवाजा तोड़ा और अंदर घुस गया। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे तो आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब हो गया। सूत्रों के मुताबिक आरोपी को ढाका के सैयदाबाद इलाके से अरेस्ट किया गया है।
बता दें कि पुलिस ने दरिंदगी का वीडियो वायरल करने के मामले में चार अन्य आरोपियों को भी अरेस्ट किया है। आरोपियों की पहचान अनिक, सुमोन, रमजान और बाबू के तौर पर हुई है। सभी आरोपी आसपास के बताए जा रहे हैं। वहीं, वारदात के विरोध में ढाका यूनिवर्सिटी के जगन्नाथ हॉल में हिंदू संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। कुछ दिन ढाका के खालखेत इलाके में एक मंदिर तोड़े जाने का मामला भी सामने आया था।
मेष: दिन शुभ रहेगा...