Site icon Dainik Savera Times

बांग्लादेश में कपड़ा मजदूरों का उग्र प्रदर्शन, ढाका-मयमनसिंह हाईवे जाम; 39 फैक्ट्रियां बंद

ढाका: बांग्लादेश के गाजीपुर में कपड़ा कर्मचारियों ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन जारी रखा। एक बार फिर ढाका-मयमनसिंह राजमार्ग को जाम कर दिया, जिसके चलते दर्जनों कारखाने अनिश्चित काल के लिए बंद हो गए हैं। स्थानीय मीडिया ने इसकी जानकारी दी।

बांग्लादेश के अखबार ‘ढाका ट्रिब्यून’ की रिपोर्ट के अनुसार, गाजीपुर शहर के छायदाना इलाके में कई गारमेंट फैक्ट्रियों के मजदूरों ने बुधवार सुबह 9:45 बजे (स्थानीय समय) छायदाना और हरिकेन के पास हाईवे को जाम कर दिया। इससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया और आने-जाने वालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बाघेर बाजार स्थित ‘गोल्डन रिफिट गारमेंट्स’, श्रीपुर के नोतून बाजार इलाके में ‘एसएम निट वियर’ और भवानीपुर में ‘फकीरा गारमेंट्स’ के मजदूरों ने काम बंद कर दिया और वे अपनी-अपनी फैक्ट्रियों के अंदर शांतिपूर्ण तरीके से धरने पर बैठे रहे। कोनाबारी में दो अन्य गारमेंट फैक्ट्रियों के मजदूरों ने भी विरोध प्रदर्शन किया।

‘ढाका ट्रिब्यून’ के मुताबिक, गाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक अमजद हुसैन ने कहा कि स्थिति को काबू में लाने की कोशिशें की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार को मिली रिपोर्ट के अनुसार, 10 फैक्ट्रियों ने बुधवार को छुट्टी घोषित कर दी थी, जबकि 39 फैक्ट्रियों को अनिश्चित काल के लिए बंद कर दिया गया है।

गाजीपुर में कई जगहों पर मजदूरों ने विरोध प्रदर्शन

मंगलवार को, बांग्लादेश के गाजीपुर में कई जगहों पर मजदूरों ने विरोध प्रदर्शन किया। इनमें चांदना चौरास्ता, जारुन, नाओजोर, छायदाना, कोनाबारी, काशिमपुर, भोगरा और आपदा जैसे इलाके शामिल हैं। इस दौरान हुई झड़पों में ईंट-पत्थर फेंके गए, आंसू गैस के गोले छोड़े गए और साउंड ग्रेनेड का इस्तेमाल हुआ, जिसमें पुलिस अधिकारियों, गारमेंट मजदूरों और पत्रकारों समेत कई लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने मंगलवार को गाजीपुर में 70 फैक्ट्रियों को बंद करने का आदेश दिया, ताकि और अधिक अशांति न फैले।

सोमवार को, बांग्लादेश के गाजीपुर स्थित कोनाबारी इलाके में दो गारमेंट फैक्ट्रियों के मजदूर विरोध प्रदर्शन करने के लिए अपने कार्यस्थलों के बाहर इकट्ठा हुए थे। उन्हें वहां से हटाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले और साउंड ग्रेनेड का इस्तेमाल किया। पुलिस ने बताया कि कोनाबारी में ‘एबीएम फैशन’ और ‘जमुना’ फैक्ट्रियों के मजदूर अपने कार्यस्थलों के बाहर जमा हुए और विरोध जताते हुए कोनाबारी-काशिमपुर सड़क को जाम कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस और बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के जवान मौके पर पहुंचे और मजदूरों से सड़क खाली करने को कहा। लेकिन, जब मजदूर उग्र हो गए, तो पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले और साउंड ग्रेनेड छोड़े। बाद में, मजदूर वहां से चले गए और स्थिति सामान्य हो गई।

Exit mobile version