Last Updated: October 31, 2026

Dainik Savera Times Logo

Bengaluru को तंबाकू नियंत्रण प्रयासों के लिए मिला 1.50 लाख डॉलर का वैश्विक पुरस्कार

March 16, 2023

Bengaluru को तंबाकू नियंत्रण प्रयासों के लिए मिला 1.50 लाख डॉलर का वैश्विक पुरस्कार

न्यूयार्कः बेंगलुरु दुनिया के उन पांच शहरों में शुमार है, जिन्होंने गैर संक्रामक रोगों (एनसीडी) और दुर्घटनाओं की रोकथाम की दिशा में अपनी उपलब्धियों को लेकर वैश्विक स्तर पर पहचान कायम की है। उसने तंबाकू नियंत्रण के अपने प्रयासों को लेकर डब्ल्यूएचओ सर्मिथत एक पहल के तहत 1.50 लाख डॉलर का इनाम जीता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के एक बयान के अनुसार, लंदन में बुधवार को स्वस्थ शहर साझेदारी सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में उराग्वे के मॉटेंवीडियो, मैक्सिको के मैक्सिको सिटी, कनाडा के वैंकूवर और यूनान के एथेंस के साथ बेंगलुरु को भी 2023 स्वस्थ्य शहर साझेदारी पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

इन शहरों को अपने निवासियों के स्वास्थ्य पर सकारात्मक असर डालने और एनसीडी एवं दुर्घटना की रोकथाम के मोर्चे पर लंबी छलांग लगाने के लिए सम्मानित किया गया है। बयान के मुताबिक, इन पांचों शहरों को साझेदारी के साथ अपने काम को आगे बढ़ाने के लिए 1.50 लाख डॉलर की इनामी राशि दी गई है। बयान में कहा गया है, ‘‘कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु को तंबाकू नियंत्रण, खासकर सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान घटाने और सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान निषेध संबंधी वर्तमान नियमों के अनुपालन में सुधार को लेकर पुरस्कृत किया गया है।’’

डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक डॉ. ट्रेड्रॉस अधनोम घेब्रेयेसस ने कहा, ‘‘डब्ल्यूएचओ स्वस्थ शहर साझेदारी के माध्यम से दुनियाभर में ऐसे शहरों के निर्माण के लिए महापौरों का सहयोग करने को कटिबद्ध है, जो जनस्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के बजाय उसकी रक्षा करें।’’ एथेंस को सामुदायिक संगठनों में नशाविरोधी दवा नालाक्सोन की उपलब्धता आसान बनाने, मैक्सिको सिटी को सड़क सुरक्षा में सुधार करने, मॉटेंवीडियो को सरकारी दफ्तरों एवं कुछ विश्वविद्यालयों में भोजन के संबंध में पोषण मापदंड स्थापित करने तथा वैंकूवर को जन स्वास्थ्य डेटा को अधिक समावेशी एवं सुलभ बनाने के लिए पुरस्कृत किया गया है। हृदयरोग, हृदयाघात, कैंसर, मधुमेह और श्वास रोग सहित अन्य गैर संक्रामक बीमारियां और दुर्घटनाओं में लगने वाली चोटें दुनियाभर में होने वाली 80 फीसदी से अधिक मौतों के लिए जिम्मेदार हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें