Benjamin Netanyahu: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच ईरान की शक्तिशाली सैन्य इकाई IRGC ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को लेकर तीखी चेतावनी जारी की है। IRGC ने कहा है कि यदि नेतन्याहू जीवित हैं, तो उन्हें हर हाल में खोजकर मारने की कार्रवाई की जाएगी। इस बयान के बाद क्षेत्रीय तनाव और बढ़ गया है।रविवार को IRGC से जुड़े मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी बयान में नेतन्याहू को कड़ी भाषा में निशाना बनाया गया। बयान में कहा गया कि अगर यह “बच्चों का हत्यारा अपराधी” जिंदा है, तो उसे हर जगह तलाश कर खत्म किया जाएगा। इस धमकी के बाद इजरायल और उसके सहयोगी देशों में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दिए नेतन्याहू
दरअसल, हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर ऐसी कई अफवाहें भी सामने आई हैं जिनमें दावा किया गया कि नेतन्याहू पिछले कुछ दिनों से सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दिए हैं और उनकी स्थिति को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि इन दावों की अब तक किसी भी आधिकारिक स्रोत से पुष्टि नहीं हुई है।
ये भी पढ़ें- रद्द हुई CBSE 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं, 7 देशों पर लागू होगा बोर्ड का यह बड़ा फैसला
इजराइल और अमेरिका का संयुक्त ऑपरेशन
तनाव की पृष्ठभूमि में फरवरी के अंत में हुई कथित गुप्त कार्रवाई को भी वजह माना जा रहा है। रिपोर्टों के अनुसार, इजराइल और अमेरिका द्वारा किए गए एक संयुक्त ऑपरेशन में ईरान के शीर्ष नेतृत्व से जुड़े कई लोगों को निशाना बनाया गया था, जिसमें ईरान के सर्वोच्च नेता अली खमेनेई के मारे जाने की खबरें भी सामने आई थीं।
इसके बाद से ईरान और उसके सहयोगी संगठनों ने क्षेत्र में कई सैन्य ठिकानों और संस्थानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले तेज कर दिए हैं। ईरान के नए नेतृत्व में सामने आए मोजतबा खामेनेई ने भी अपने पिता की मौत का बदला लेने की कसम खाई है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के तीखे बयान और सैन्य गतिविधियां मिडिल ईस्ट में पहले से जारी तनाव को और बढ़ा सकती हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में बड़े संघर्ष का खतरा भी पैदा हो सकता है।
ये भी पढ़ें- नेपाल में दर्दनाक सड़क हादसा: खाई में गिरी श्रद्धालुओं से भरी बस, 7 भारतीयों की मौत… कई घायल

