Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

Biden के सलाहकार ने Israel-Hamas वार्ता पर चर्चा के लिए Qatari के नेताओं से की मुलाकात 

August 28, 2024

Biden के सलाहकार ने Israel-Hamas वार्ता पर चर्चा के लिए Qatari के नेताओं से की मुलाकात 
वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के पश्चिम एशिया मामलों के सलाहकार ने मंगलवार को दोहा में कतर के वरिष्ठ नेताओं के साथ मुलाकात कर इजराइल और हमास के बीच युद्धविराम समझौते से जुड़े प्रयासों और कतर के प्रधानमंत्री की ईरान के राष्ट्रपति के साथ हुई बैठक पर चर्चा की। अमेरिका के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) के वरिष्ठ सलाहकार ब्रेट मैकगर्क की कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी और विदेश मंत्री मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी के साथ सोमवार को वार्ता हुई। इससे पहले, प्रधानमंत्री ने सोमवार को तेहरान की यात्रा कर ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान से मुलाकात की थी। यह वार्ता ऐसे समय में हो रही है जब इजराइल और हमास के बीच युद्ध विराम समझौता करने के प्रयासों के तहत काहिरा में कई दिनों तक चली वार्ता इस सप्ताह दोहा में स्थानांतरित हो रही है।
उच्च स्तरीय वार्ता का दौर रविवार को बिना किसी अंतिम समझौते के समाप्त हो गया लेकिन सोमवार को निचले स्तर पर वार्ता जारी रही। अब बुधवार को दोहा में फिर से कार्य-समूह स्तर की वार्ता शुरू होने की उम्मीद है। यह स्पष्ट नहीं है कि वार्ता स्थल को स्थानांतरित क्यों किया गया और इसका वार्ता पर कोई प्रभाव पड़ेगा या नहीं। इजराइल के एक अधिकारी ने नाम ना बताने की शर्त पर कहा कि एक इजराइली प्रतिनिधिमंडल बुधवार को दोहा जाएगा।
एक अमेरिकी अधिकारी के अनुसार, मैकगर्क ने कतर के अधिकारियों से मुलाकात कर युद्ध विराम समझौते पर बात की। इजराइल और ईरान के बीच तनाव बढ़ रहा है। ईरान ने पिछले महीने हमास के राजनीतिक नेता इस्माइल हनिया की ईरान में हत्या के लिए इजराइल के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करने का संकल्प लिया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें