Site icon Dainik Savera Times

ईरान का कुवैत पर बड़ा हमला, 1 भारतीय नागरिक की गई जान

West Asia Conflict

West Asia Conflict

इंटरनेशनल डेस्क: कुवैत से एक दुखद खबर सामने आई है। रविवार शाम हुए एक हमले में एक भारतीय नागरिक की जान चली गई। यह हमला एक बड़े पावर और पानी को साफ करने वाले प्लांट की सर्विस बिल्डिंग पर किया गया। इस हमले में इमारत को काफी नुकसान पहुंचा और वहां काम कर रहे भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई।

कुवैत के बिजली, पानी और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार, यह हमला ईरान की ओर से की गई आक्रामक कार्रवाई का हिस्सा माना जा रहा है। हमले के बाद हालात को संभालने के लिए तकनीकी और इमरजेंसी टीमों को तुरंत मौके पर भेजा गया। इन टीमों ने प्लांट को चालू रखने और नुकसान को कम करने के लिए काम शुरू कर दिया। सुरक्षा एजेंसियां और अन्य सरकारी विभाग भी मिलकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हैं।

सरकार ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। साथ ही भरोसा दिलाया है कि बिजली और पानी की सप्लाई पर कोई असर नहीं पड़ेगा। इसके लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं।

लेबनान में भी हालात तनावपूर्ण

इसी बीच लेबनान में भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। दक्षिणी लेबनान के अडचित अल-कुसैर इलाके में संयुक्त राष्ट्र के शांति मिशन (UNIFIL) के एक ठिकाने पर एक प्रोजेक्टाइल गिरा। इस घटना में एक शांति सैनिक की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

UNIFIL ने इस घटना पर दुख जताया है और कहा है कि यह पता लगाया जा रहा है कि हमला कहां से हुआ। संगठन ने सभी पक्षों से अपील की है कि वे अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन करें और शांति सैनिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। अगर जानबूझकर शांति सैनिकों को निशाना बनाया गया, तो इसे युद्ध अपराध माना जाएगा।

इस्राइल का दावा

वहीं इस्राइल की सेना ने दावा किया है कि उसने दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्ला के कुछ लड़ाकों को मार गिराया है। ये लोग इस्राइली सैनिकों पर हमले की तैयारी कर रहे थे। इन लड़ाकों के पास विस्फोटक और मोर्टार मौजूद थे। इसके अलावा एक बड़ा हथियारों का जखीरा भी बरामद किया गया, जिसमें एंटी-टैंक मिसाइल, ग्रेनेड और अन्य खतरनाक हथियार शामिल थे।

 

 

 

 

Exit mobile version