Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंजाब के छात्रों को बड़ी राहत; अब फिर से अमेरिका में कर सकेंगे स्टडी

June 19, 2025

पंजाब के छात्रों को बड़ी राहत; अब फिर से अमेरिका में कर सकेंगे स्टडी

नई दिल्ली: अमेरिका में उच्च शिक्षा का सपना देख रहे लाखों भारतीय छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी है। ट्रंप प्रशासन द्वारा कुछ समय पहले स्टडी वीजा पर लगाई गई अस्थायी रोक अब हटा दी गई है। इसके साथ ही अब विदेशी छात्र एक बार फिर अमेरिका जाकर पढ़ाई कर सकेंगे।

इस फैसले से सबसे ज्यादा फायदा पंजाब, हरियाणा और उत्तर भारत के छात्रों को होगा, जो हर साल बड़ी संख्या में अमेरिकी विश्वविद्यालयों में दाखिले के लिए आवेदन करते हैं।

हालांकि, स्टडी वीजा की बहाली के साथ ही अमेरिका ने कुछ नई शर्तें भी लागू कर दी हैं। वीजा के लिए आवेदन करने वाले छात्रों के लिए अब अपने सोशल मीडिया अकाउंट की जानकारी देना अनिवार्य होगा।

छात्रों को वीज़ा आवेदन के दौरान अपने सभी प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म का विवरण देना होगा। उन्हें अपने अकाउंट की गोपनीयता सेटिंग को ‘सार्वजनिक’ पर सेट करना होगा।

अमेरिकी वीज़ा अधिकारी छात्रों की डिजिटल गतिविधियों की समीक्षा करेंगे ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई सुरक्षा जोखिम न हो।

पिछले कुछ महीनों से स्टडी वीजा पर रोक के कारण पंजाब के हजारों छात्र और उनके परिवार तनाव में थे। अब इस फैसले के बाद न केवल उन्हें राहत मिली है, बल्कि अमेरिका में पढ़ाई का रास्ता भी फिर से खुल गया है।

पंजाब के मुक्तसर, लुधियाना, जालंधर, अमृतसर और पटियाला जैसे शहरों में बड़ी संख्या में युवा आईईएलटीएस और टीओईएफएल की तैयारी करते हैं। वीजा प्रक्रिया फिर से शुरू होते ही कोचिंग सेंटर और वीजा सलाहकारों ने छात्रों को सोशल मीडिया से जुड़ी सावधानियों के बारे में जानकारी देना शुरू कर दिया है।

विदेशी शिक्षा सलाहकारों का कहना है कि यह कदम अमेरिकी सुरक्षा नीति का हिस्सा है। अब छात्रों के लिए वीजा पाने में डिजिटल गतिविधियों की पारदर्शिता भी बड़ी भूमिका निभाएगी। ऐसे में छात्रों को सोशल मीडिया पर कोई भी आपत्तिजनक या भ्रामक सामग्री साझा करने से बचने की सलाह दी जा रही है।

ये भी पढ़ें- BSEB 12th Result 2026: आज जारी होगा बिहार बोर्ड 12वीं का रिजल्ट; जानें कैसे करें चेक

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें