Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

अमेरिकी सांसदों के प्रतिनिधिमंडल की भारत यात्रा से द्विपक्षीय संबंध हुए मजबूत : Ro Khanna

August 17, 2023

अमेरिकी सांसदों के प्रतिनिधिमंडल की भारत यात्रा से द्विपक्षीय संबंध हुए मजबूत : Ro Khanna

वाशिंगटनः भारतीय अमेरिकी नागरिक मानते हैं कि हाल में भारतीय अमेरिकी सांसद रो खन्ना के नेतृत्व में अमेरिकी सांसदों के प्रतिनिधिमंडल की मौजूदा भारत यात्रा से दोनों देशों के संबंध और अधिक मजबूत हुए हैं तथा इस यात्रा ने एक विशिष्ट दृष्टिकोण को रेखांकित किया है जो द्विपक्षीय संबंध को बढ़ावा देने में एक रूपरेखा का कार्य कर सकता है। प्रतिनिधि सभा में सिलिकॉन वैली का प्रतिनिधित्व करने वाले चार बार के सांसद रो खन्ना ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की और मंगलवार को लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह में हिस्सा लिया जहां प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया था।

नई दिल्ली और मुंबई की यात्रा के दौरान उन्होंने नागरिक संस्था के नेताओं, अमिताभ बच्चन समेत हिंदी फिल्म के कलाकारों और विपक्षी नेताओं से मुलाकात की। मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर अपने संबोधन में कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि अमेरिकी कांग्रेस के निर्वाचित सदस्य हमारे स्वतंत्रता दिवस समारोह में मौजूद हैं।’’ खन्ना ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया, ‘‘मुझे भारत के स्वतंत्रता दिवस पर राजघाट जाकर दुनिया के महानतम नेताओं में से एक महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देकर सम्मानित महसूस हुआ। मुझे लाल किले पर अपने प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने का भी मौका मिला।’’

अमेरिका से आए सांसदों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के बाद मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘प्रतिनिधि सभा में इंडिया कॉकस के सह-अध्यक्षों रो खन्ना और माइकल वाल्ट्ज सहित अमेरिका से आए सांसदों के प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करने का सौभाग्य मिला।’’ मोदी ने कहा कि अमेरिका के द्विदलीय सांसदों के समर्थन से भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी। वैश्विक कानून फर्म पॉल हेस्टिंग्स एलएलपी में एक अग्रणी भारतीय अधिवक्ता रौनक डी देसाई ने कहा, ‘‘रो की भारत यात्रा ऐतिहासिक है। एक भारतीय स्वतंत्रता सेनानी जो आजादी के लिए गांधीजी के साथ मिलकर लड़े और यहां तक कि उनके साथ जेल भी गए, उनके नाती के लिए अपने माता-पिता के जन्मस्थान पर लौटना और कांग्रेस के सदस्य के रूप में अपनी भूमिका में सांसदों के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करना जितना सुंदर है उतना ही मार्मिक भी है।’’

समुदाय के नेता योगी चुग ने बुधवार को कहा कि अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल की यात्र ने गहरे द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत किया है। उन्होंने कहा, ‘‘मुंबई, हैदराबाद और नयी दिल्ली से – चाहे वह अमिताभ बच्चन, अनुपम खेर, कॉरपोरेट जगत के नेताओं से मुलाकात हो या अक्षरधाम की उनकी यात्रा, इससे दोनों देशों का गहरा रिश्ता और मजबूत हुआ।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें