Blast hits amid Macron’s Syria visit: सीरिया की राजधानी दमिश्क में मंगलवार को उस समय जोरदार धमाके हुए, जब फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात कर रहे थे। धमाकों की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल से धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दिया। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, धमाके फोर सीजन्स होटल के पास हुए, जहां मैक्रों के ठहरने की जानकारी सामने आई है।
राजधानी के बीचोंबीच दो विस्फोट
सीरियाई अखबार अल-वतन और सीरिया टीवी नेटवर्क के अनुसार, राजधानी के मध्य क्षेत्र में दो धमाके हुए। विस्फोट के बाद आसपास के इलाके में धुआं फैल गया। हालांकि, सीरियाई प्रशासन ने घटना को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक वाहन आग की लपटों में घिरा दिखाई दे रहा है। सड़क पर खून के निशान भी देखे गए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस घटना में कितने लोगों की मौत हुई या कितने घायल हुए हैं। अब तक किसी भी संगठन ने इन धमाकों की जिम्मेदारी नहीं ली है और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।
अहम दौरे के बीच हुई घटना
मैक्रों का यह सीरिया दौरा दोनों देशों के रिश्तों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कई वर्षों बाद किसी फ्रांसीसी राष्ट्रपति का सीरिया दौरा हुआ है। ऐसे में उनकी मौजूदगी के दौरान राजधानी में हुए धमाकों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी है।
कुछ दिन पहले भी हुआ था बड़ा विस्फोट
यह घटना ऐसे समय हुई है जब कुछ दिन पहले ही दमिश्क के जस्टिस पैलेस के पास एक कैफे में विस्फोटक उपकरण फटने से बड़ा हादसा हुआ था। उस हमले में कम से कम 10 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 20 लोग घायल हुए थे। लगातार कम समय में राजधानी में हुए इन दो बड़े विस्फोटों ने दमिश्क की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जांच जारी, आधिकारिक जानकारी का इंतजार
फिलहाल सीरियाई सुरक्षा एजेंसियां विस्फोटों के कारणों और जिम्मेदार लोगों का पता लगाने में जुटी हैं। वहीं, मैक्रों और राष्ट्रपति अहमद अल-शरा की बैठक पर इस घटना का क्या असर पड़ा, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

