इंटरनेशनल डेस्क: श्रीलंका के नेगोम्बो शहर की एक जेल में कैदियों के बीच हुई हिंसक झड़प ने बड़ा रूप ले लिया। इस घटना में अब तक 25 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मरने वालों में कुछ जेल अधिकारी भी शामिल हो सकते हैं।
बताया जा रहा है कि यह झड़प रविवार को दोषी कैदियों और न्यायिक हिरासत में बंद कैदियों के बीच शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि जेल के अंदर हिंसा फैल गई। यह जेल पहले से ही अत्यधिक भीड़भाड़ की समस्या से जूझ रही है, जिससे हालात और बिगड़ गए।
कैदियों ने हथियारों पर कब्जा किया
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, झड़प के दौरान कुछ कैदियों ने जेल में मौजूद हथियारों पर कब्जा कर लिया, जिसके बाद हिंसा और भी भड़क गई। इसके चलते कई लोगों की जान चली गई और बड़ी संख्या में लोग घायल हो गए। हालांकि, हिंसा शुरू होने की असली वजह का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
सेना को बुलाया गया, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ-साथ श्रीलंकाई सेना को भी बुलाया गया। सेना के प्रवक्ता ने बताया कि जवान पुलिस की मदद के लिए तैयार हैं और जेल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। फिलहाल जेल के अंदर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और हालात पर नजर रखी जा रही है।
जांच शुरू, हिंसा की वजह का पता लगाया जा रहा
स्थानीय टीवी चैनलों द्वारा जारी वीडियो में पुलिस की बसों से घायल कैदियों को अस्पताल ले जाते हुए देखा गया। कई घायल कैदी बस के फर्श पर पड़े नजर आए। वहीं, जेल के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि स्थिति दोबारा न बिगड़े। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों और घायलों की सही संख्या की पुष्टि की जा रही है। साथ ही, पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है ताकि हिंसा की वजह और इसके लिए जिम्मेदार लोगों का पता लगाया जा सके।

