Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

गाजा के जबालिया शिविर में करीब 70 फिलिस्तीनी नागरिकों के शव हुए बरामद

June 1, 2024

गाजा के जबालिया शिविर में करीब 70 फिलिस्तीनी नागरिकों के शव हुए बरामद

गाजा: उत्तरी गाजा के जबालिया शरणार्थी शिविर में इजरायली सशस्त्र बलों की वापसी के बाद करीब 70 फिलिस्तीनी नागरिकों के शव बरामद किये गये हैं। इजरायल ने लगभग तीन सप्ताह के हमले के बाद अपने सशस्त्र बलों को वापस बुला लिया है। शिन्हुआ ने स्थानीय चिकित्सा सूत्रों का हवाला देते हुये आज बताया कि एम्बुलेंस और नागरिक सुरक्षा दल ने शिविर से शुक्रवार को 20 बच्चों सहित लगभग 70 शवों को निकाला।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इजरायल के हवाई और तोपखाने के हमलों के कारण घरों, शिविरों और अस्पतालों के मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। हमलों के कारण शिविर और उसके आसपास सैकड़ों आवासीय इकाइयों के साथ-साथ सड़कों, जल आपूर्ति प्रणालियों और सीवेज बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान हुआ है। इजरायली सैनिकों पर कई अपार्टमेंट और आवासीय भवनों में आग लगाने का भी आरोप है। गाजा में हमास द्वारा संचालित मीडिया कार्यालय ने जबालिया शिविर पर हमले में हुये नुकसान के लिए इजरायली सेना की निंदा की।

उसने कहा कि हमले में सैकड़ों लोग मारे गये, कई आवासीय ब्लॉक नष्ट हो गए और कई फिलिस्तीनी विस्थापित हो गए। फिलिस्तीन शरणार्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र राहत और कार्य एजेंसी ने कल यह कहा, “ जबालिया में अपनी एजेंसी से “भयावह रिपोर्ट” मिली हैं, जहां “हमारे स्कूल में आश्रय लेने वाले बच्चों सहित विस्थापित लोग कथित तौर पर मारे गए और घायल हुए हैं।” एजेंसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कहा,“ आईडीएफ ने जबालिया में एजेंसी द्वारा संचालित स्कूल से परिवर्तित एक आश्रय स्थल को घेर लिया है और वहां शरण लिए हुए लोगों के तंबू में आग लगा दी।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें