Bomb Blast in Pakistan: कराची: पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में सोमवार को एक भीषण बम धमाके ने देश की रेल यातायात व्यवस्था को झकझोर दिया। विस्फोट में एक रेलवे कर्मचारी घायल हो गया, जबकि दक्षिण और मध्य पाकिस्तान को जोड़ने वाला एक प्रमुख रेलमार्ग अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा।
-रेलवे अधिकारियों के अनुसार
धमाका माच और आब-ए-गम सेक्शन के बीच रेलपथ को निशाना बनाकर किया गया। यह क्षेत्र पहले भी कई बार आतंकी गतिविधियों का केंद्र रहा है। रेलवे प्रवक्ता ने प्रारंभिक जांच के हवाले से कहा कि यह हमला पाकिस्तान के राष्ट्रीय परिवहन तंत्र को बाधित करने के इरादे से किया गया जान पड़ता है।
प्रवक्ता ने बताया, “यह रेलमार्ग हमारे नेटवर्क की रीढ़ है, जो बलूचिस्तान को देश के अन्य प्रमुख हिस्सों से जोड़ता है। इसमें व्यवधान से आर्थिक और सामरिक दृष्टि से भारी असर पड़ता है।”
-रेलकर्मी हुआ गंभीर रूप से घायल
घायल रेलकर्मी को उपचार के लिए निकटवर्ती अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। घटनास्थल पर सुरक्षा बलों की टीमों ने मोर्चा संभाल लिया है, जबकि बम निरोधक दस्ता क्षेत्र की गहन जांच कर रहा है ताकि किसी अन्य संभावित खतरे को समय रहते निष्क्रिय किया जा सके।
यह हमला उस समय हुआ है जब बलूचिस्तान में सुरक्षा हालात को लेकर पहले से ही गंभीर चिंता जताई जा रही है। वर्ष की शुरुआत में बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) के उग्रवादियों ने जाफर एक्सप्रेस को अगवा कर 250 यात्रियों को बंधक बना लिया था।
-विशेषज्ञों का मानना है कि
ऐसे हमले देश के आंतरिक सुरक्षा ढांचे और परिवहन व्यवस्था को कमजोर करने के सुनियोजित प्रयास हैं। इस घटना के बाद रेलवे मंत्रालय ने सभी महत्वपूर्ण मार्गों पर सुरक्षा कड़ी करने के आदेश जारी किए हैं।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, घटना की जांच तेज़ी से की जा रही है और जल्द ही जिम्मेदार तत्वों को बेनकाब कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

