Site icon Dainik Savera Times

पेइचिंग में चीन-ब्रिटेन व्यापार परिषद की बैठक में दोनों प्रधानमंत्रियों की सहभागिता

Both PM participated China-Britain Business Council Beijing

Both PM participated China-Britain Business Council Beijing

29 जनवरी की दोपहर को चीन के प्रधानमंत्री ली छ्यांग और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने पेइचिंग में आयोजित चीन-ब्रिटेन व्यापार परिषद की बैठक के समापन समारोह में संयुक्त रूप से हिस्सा लिया और संबोधन दिया। इस अवसर पर चीन और ब्रिटेन के व्यापारिक तथा संस्थागत क्षेत्रों के 110 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ली छ्यांग ने कहा कि चीन और ब्रिटेन व्यापक समान हितों वाले घनिष्ठ आर्थिक एवं व्यापारिक साझेदार हैं। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि जब तक दोनों देश आपसी सम्मान बनाए रखते हैं, समान दिशा में आगे बढ़ते हैं, पारस्परिक हस्तक्षेप से बचते हैं और खुली भावना से सहयोग करते हैं, तब तक वे साझा लाभ प्राप्त कर सकते हैं और परस्पर फ़ायदेमंद परिणामों से आम समृद्धि सुनिश्चित कर सकते हैं। 

ली छ्यांग ने यह भी उल्लेख किया कि वर्तमान में एकतरफ़ावाद और संरक्षणवाद बढ़ रहा है तथा भू-राजनीतिक तनाव लगातार गहराते जा रहे हैं, जिससे विश्व अर्थव्यवस्था और व्यापार के विकास पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में चीन और ब्रिटेन को सहयोग के अपने संबंधों को और सुदृढ़ करने की आवश्यकता है।

ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने अपने वक्तव्य में कहा कि इस यात्रा में ब्रिटेन के व्यापारिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्रों के 60 से अधिक प्रमुख प्रतिनिधि उनके साथ आए हैं। इस यात्रा का उद्देश्य चीन को बेहतर और गहराई से समझना, ब्रिटिश जनता को अधिक लाभ पहुँचाना तथा दोनों देशों के विकास के लिए अधिक सहयोग के अवसरों की पहचान और उनका प्रभावी उपयोग करना है। 

उन्होंने कहा कि ब्रिटेन और चीन दोनों बड़ी वैश्विक अर्थव्यवस्थाएँ हैं जिनके बीच अनेक साझा हित हैं। ब्रिटिश सरकार चीन के साथ दीर्घकालिक, स्थिर और व्यापक रणनीतिक साझेदारी स्थापित करने, सभी स्तरों पर संपर्क को प्रोत्साहन देने तथा व्यापार, निवेश, वित्त, विज्ञान-प्रौद्योगिकी और संस्कृति के क्षेत्रों में परस्पर लाभकारी सहयोग को गहराने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही, दोनों देश मिलकर वैश्विक चुनौतियों का सामना करने के लिए सहयोग बढ़ाने पर भी सहमत हैं।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

Exit mobile version