Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

ट्रम्प की धमकी के बाद भी BRICS देशों ने दिखाई एकजुटता, अमेरिकी राष्ट्रपति के दावे को किया दरकिनार

July 19, 2025

ट्रम्प की धमकी के बाद भी BRICS देशों ने दिखाई एकजुटता, अमेरिकी राष्ट्रपति के दावे को किया दरकिनार

BRICS countries : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ब्रिक्स देशों पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाने की उनकी धमकी से सभी ब्रिक्स देश डर गए और अगले दिन बैठक में लगभग कोई नहीं आया। हालांकि, वास्तविकता यह है कि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहा और सभी 11 सदस्य देशों के नेता दूसरे दिन भी बैठक में शामिल हुए।

ब्रिक्स को बताया छोटा समूह
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर यह धमकी दी थी, लेकिन अगले ही दिन ब्रिक्स नेताओं ने रियो डी जेनेरियो में दूसरे दिन पूरी उपस्थिति के साथ बैठक की। शुक्रवार को व्हाइट हाउस में ‘जीनियस एक्ट’ पर हस्ताक्षर के दौरान, ट्रंप ने ब्रिक्स को “छह देशों का एक छोटा समूह” बताया और कहा, “वे डॉलर के प्रभुत्व को खत्म करना चाहते थे और मैंने कहा कि ब्रिक्स समूह में जो भी है, उस पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगेगा।”

डॉलर को हटाने की कोई नीति नहीं
ट्रम्प ने कहा, “अगले दिन उनकी बैठक हुई और लगभग कोई नहीं आया। वे डरे हुए थे, उन्होंने कहा – हमें अकेला छोड़ दो, हम टैरिफ का सामना नहीं करना चाहते।” हालांकि, भारत पहले ही ब्रिक्स के भीतर एक साझा मुद्रा के विचार को खारिज कर चुका है। भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने स्पष्ट कर दिया है कि डॉलर को हटाने की कोई नीति नहीं है, क्योंकि यह अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक स्थिरता का आधार है।

बैठक करने से भी डर रहे
ट्रंप ने कहा, “अगर वे सचमुच ब्रिक्स मुद्रा बनाने की कोशिश करते हैं, तो यह प्रयास बहुत जल्दी विफल हो जाएगा। मुझे नहीं लगता कि वे ऐसा कर पाएंगे। वे अब बैठक करने से भी डर रहे हैं।” 6 जुलाई को, ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा, “जो भी देश ब्रिक्स की अमेरिका-विरोधी नीतियों का समर्थन करेगा, उस पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लगाया जाएगा।”

डॉलर को वैश्विक आरक्षित मुद्रा बनाए रखना ज़रूरी
जीनियस एक्ट पर हस्ताक्षर समारोह के दौरान, ट्रंप ने कहा कि अमेरिका के लिए डॉलर को वैश्विक आरक्षित मुद्रा के रूप में बनाए रखना बहुत ज़रूरी है। “अगर हम इसे खो देते हैं, तो यह विश्व युद्ध हारने जैसा होगा। हम किसी को भी हमारे साथ खेलने नहीं दे सकते।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें