गोमा: पूर्वी कांगो के इतुरी प्रांत में एक चर्च पर भीषण हादसे की खबर सामने आई है, जहां संदिग्ध इस्लामिक स्टेट समर्थित विद्रोही संगठन एलाइड डेमोक्रेटिक फोर्स (ADF) ने एक कैथोलिक चर्च पर हमला कर दिया, जिसमें कम से कम 34 लोगों की जान चली गई। हमले के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और भय का माहौल है।
स्थानीय नागरिक संस्था के समन्वयक डियूडोने डुरानथाबो ने बताया कि शव अभी भी घटनास्थल पर बिखरे पड़े हैं, जिन्हें स्वयंसेवक एक सामूहिक कब्र में दफनाने की तैयारी कर रहे हैं। यह कब्र चर्च परिसर के भीतर ही बनाई जा रही है, ताकि मृतकों को सम्मानजनक अंतिम विदाई दी जा सके।
ADF का हाथ होने का संदेह
यह भी सामने आया है कि इसी क्षेत्र के निकट मचोंगानी गांव में भी एक और हमला हुआ, जिसमें कम से कम पांच और लोग मारे गए। दोनों हमलों के पीछे ADF का हाथ होने का संदेह जताया जा रहा है, जो पिछले कुछ वर्षों से क्षेत्र में नागरिकों पर हमले करता आ रहा है।
10 लोगों की मौत की पुष्टि की
कांगो सेना के इतुरी प्रांत में प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जूल्स एनगोंगो ने चर्च पर हमले में 10 लोगों की मौत की पुष्टि की है, हालांकि स्थानीय मीडिया रिपोर्टों में मृतकों की संख्या 40 से अधिक बताई जा रही है।
ADF, जो मूल रूप से युगांडा से संबंध रखता है, अब कांगो और युगांडा की सीमा पर सक्रिय है और इस्लामिक स्टेट से संबद्ध माने जाने वाले इस समूह को क्षेत्र में नागरिकों के खिलाफ बर्बर हिंसा के लिए जाना जाता है।

