सोशल मीडिया पर इन दिनों चीन की तकनीकी तरक्की, खासकर ड्रोन और रोबोट जैसी चर्चाओं ने एक बार फिर दुनिया भर का ध्यान चीनी संस्कृति की ओर खींचा है। चीन की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक चमक-दमक को करीब से देखने के लिए दुनिया भर के पर्यटक वहां जाना चाहते हैं, लेकिन व्यस्त जीवन और समय की कमी के कारण भारत के कई लोग यह यात्रा नहीं कर पाते हैं। ऐसे में चीन में रहकर स्टार बने एक भारतीय चेहरे ने इस कमी को दूर करने की अनोखी पहल की है।
चीन में बीस साल से अधिक समय बिताने वाले भारतीय मूल के अभिनेता और उद्यमी देव रतूड़ी ने अब गुड़गांव के सेक्टर-14 में एक शानदार चीनी शैली का होटल और रेस्तरां लॉन्च किया है। ‘अम्बर पैलेस‘ के नाम से मशहूर इस होटल में कदम रखते ही आपको चीन की सड़कों और वहां की परंपरागत जीवन शैली की झलक मिलने लगती है। यहां का इंटीरियर डिजाइन, खान-पान और संगीत सभी कुछ इस तरह से सजाया गया है कि भारतीय मेहमान बिना वीजा लिए चीन की यात्रा कर सकें।
एक “सिल्क रोड एंबेसडर” की वापसी
उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल के एक छोटे से गांव से निकलकर देव रतूड़ी ने अपनी मेहनत के दम पर चीन में एक अलग पहचान बनाई है। वहां एक वेटर के रूप में शुरुआत करने वाले देव आज 35 से अधिक चीनी फिल्मों और टीवी सीरीज में काम कर चुके हैं और उन्हें चीन में ‘सिल्क रोड एंबेसडर‘ के खिताब से नवाजा गया है । चीन में उनके जीवन संघर्ष पर आधारित कहानी को स्कूली पाठ्यक्रम में भी शामिल किया गया है ।
देव रतूड़ी का मिशन हमेशा से दोनों देशों की संस्कृति को एक-दूसरे के करीब लाना रहा है। उन्होंने चीन के कई शहरों शीआन, पेइचिंग, वुहान और खुनमिंग में 10 से अधिक शुद्ध भारतीय शैली के रेस्तरां खोले हैं। वहां हर रात बॉलीवुड के गानों पर डांस होता है और मेहमान मुफ्त में भारतीय परिधान पहनकर तस्वीरें खिंचवा सकते हैं। अब वे उसी अनुभव को भारत में लाना चाहते हैं। उनका कहना है, “मैंने हमेशा चीन में भारत को दिखाया, अब समय है भारत में चीन को दिखाने का।”
गुड़गांव में मनेगा चीनी नव वर्ष
चीनी कैलेंडर के अनुसार नया साल (चीनी स्प्रिंग फेस्टिवल) आने वाला है और देव रतूड़ी का नया रेस्तरां इसकी तैयारियों में जुट गया है। पूरे होटल को चीनी परंपरा के अनुसार लाल लालटेन और ड्रैगन की आकृतियों से सजाया गया है। खास बात यह है कि यहां चीन की हर गली-मोहल्ले की तरह विशाल स्क्रीन पर ‘चीनी स्प्रिंग फेस्टिवल गाला‘ यानी चीन का वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम दिखाया जाएगा, जिसे वहां हर परिवार नए साल की पूर्व संध्या पर एक साथ देखता है।
रेस्तरां में खास चीनी व्यंजनों के साथ-साथ पारंपरिक चीनी चाय और मिठाइयां भी परोसी जाएंगी। देव रतूड़ी ने कहा, “हम चाहते हैं कि भारतीय दोस्त हमारे यहां आकर महसूस करें कि चीन कैसे अपना नया साल मनाता है। यह सिर्फ खाने की जगह नहीं, बल्कि एक पुल है, जो दो महान सभ्यताओं को जोड़ता है।” यदि आप चीन की संस्कृति को करीब से जानना चाहते हैं और वहां के पारंपरिक नव वर्ष के जश्न का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो देव रतूड़ी का यह नया प्रोजेक्ट आपके लिए परदेस में अपनेपन का अहसास लेकर आया है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
मेष: दिन शुभ रहेगा...