“किसी भी देश का विकास खुलेपन और सहयोग से बने अंतर्राष्ट्रीय वातावरण पर निर्भर करता है, कोई भी देश अलग-थलग द्वीप बनकर प्रगति नहीं कर सकता।” यह बात चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने 8 सितंबर को आयोजित ब्रिक्स ऑनलाइन शिखर सम्मेलन में अपने महत्वपूर्ण भाषण में कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि चीन एक खुली विश्व अर्थव्यवस्था के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इसी दिशा में जल्द ही शुरू होने वाला 2025 चीन अंतर्राष्ट्रीय सेवा व्यापार मेला (CIFTIS) दुनिया के लिए चीन के उच्च-स्तरीय खुलेपन में भागीदार बनने का एक अहम अवसर साबित होगा। यह सेवा व्यापार क्षेत्र की दुनिया की सबसे बड़ी व्यापक प्रदर्शनी है।
CGTN द्वारा वैश्विक नेटिज़न्स के बीच कराए गए सर्वेक्षण के नतीजे बताते हैं कि 93.2 प्रतिशत प्रतिभागी इस वर्ष के CIFTIS से बड़ी उम्मीदें लगाए बैठे हैं। उनका मानना है कि यह मेला खुलेपन के माध्यम से अवसरों को साझा करने, पारस्परिक लाभ और उभय जीत हासिल करने के साथ-साथ वैश्विक अर्थव्यवस्था में नई ऊर्जा का संचार करेगा।
इस बार के CIFTIS में 70 से अधिक देश और अंतर्राष्ट्रीय संगठन भाग लेंगे। लगभग 2,000 कंपनियाँ ऑफ़लाइन प्रदर्शन करेंगी, जिनमें करीब 500 फ़ॉर्च्यून ग्लोबल 500 कंपनियाँ और अग्रणी अंतर्राष्ट्रीय उद्यम शामिल हैं। सर्वेक्षण में शामिल 89 प्रतिशत उत्तरदाताओं का मानना है कि CIFTIS अब वैश्विक सेवा व्यापार के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। वहीं 93.8 प्रतिशत लोगों का कहना है कि यह आयोजन विशेषकर “बेल्ट एंड रोड” भागीदार देशों, छोटे और मध्यम उद्यमों और स्टार्टअप्स के लिए चीन के विशाल बाज़ार में हिस्सेदारी हासिल करने का बहुमूल्य अवसर देता है।
आँकड़े बताते हैं कि 2025 की पहली छमाही में चीन का सेवा व्यापार (आयात और निर्यात मिलाकर) लगभग 542 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुँच गया, जो साल-दर-साल 8 प्रतिशत की वृद्धि है और इस अवधि के लिए ऐतिहासिक रूप से सबसे ऊँचा स्तर है। 94.2 प्रतिशत उत्तरदाताओं का मानना है कि CIFTIS के ज़रिए चीन सक्रिय रूप से अपने बाज़ार अवसरों को साझा कर रहा है और घरेलू माँग की क्षमता को वैश्विक विकास की गति में बदल रहा है। इसी तरह, 91.2 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने कहा कि यह मंच सेवा उपभोग को विस्तार देने में अहम भूमिका निभाता है।
सर्वेक्षण में 92.7 प्रतिशत प्रतिभागियों ने माना कि चीन का खुलापन अब केवल विनिर्माण और वस्तु व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि नियमों, विनियमों, प्रबंधन और मानकों पर आधारित संस्थागत खुलेपन की दिशा में बढ़ रहा है। यह चीन के सेवा उद्योग मानकों को अंतर्राष्ट्रीय प्रथाओं के अनुरूप ढालने के लिए सकारात्मक है।
इस वर्ष का CIFTIS डिजिटल व्यापार जैसे उन्नत क्षेत्रों पर केंद्रित होगा। यह घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उद्यमों को अपनी नवीन उपलब्धियाँ प्रदर्शित करने, विचारों का आदान-प्रदान करने और सहयोग के नए अवसर खोजने का मंच प्रदान करेगा। 84.4 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने विशेष रूप से तकनीकी और बुद्धिमान अनुप्रयोगों पर ध्यान केंद्रित किया और माना कि AI जैसी डिजिटल तकनीकें सेवा उद्योग को और अधिक तेज़ी से आगे बढ़ाएँगी तथा नई माँग और अवसर पैदा करेंगी।
उत्तरदाताओं की राय है कि वैश्विक आर्थिक सुधार की धीमी गति के बीच, चीन का हर साल CIFTIS आयोजित करना न केवल सेवा उद्योग की नई उपलब्धियाँ दिखाता है, बल्कि उच्च-स्तरीय खुलेपन के प्रति चीन की प्रतिबद्धता का मज़बूत संदेश भी देता है। 91.4 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने कहा कि यह आयोजन चीन की उस दृढ़ नीयत को रेखांकित करता है, जिसके तहत वह नए वैश्विक आर्थिक और व्यापारिक परिदृश्य को सक्रिय रूप से अपनाने और आकार देने में लगा है।
साथ ही, चीन सेवा क्षेत्र में बाज़ार पहुँच को लगातार आसान बना रहा है और नीतिगत माहौल सुधारते हुए कर, वित्तीय और सुविधा संबंधी उपायों के ज़रिए सेवा निर्यात को सक्रिय रूप से प्रोत्साहित कर रहा है। 91.2 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने माना कि इससे सेवा व्यापार में निवेश और खपत को और बढ़ावा मिलेगा। वहीं 91.6 प्रतिशत का मानना है कि चीन का निरंतर उच्च-स्तरीय खुलापन वैश्विक अर्थव्यवस्था में स्थिरता और निश्चितता का मज़बूत आधार बन रहा है।
यह सर्वेक्षण CGTN के अंग्रेज़ी, स्पेनिश, फ़्रेंच, अरबी और रूसी प्लेटफ़ॉर्म पर प्रकाशित हुआ था। इसमें कुल 4,995 विदेशी नेटिज़न्स ने 24 घंटों के भीतर भाग लिया और अपने विचार साझा किए।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

