Last Updated: September 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

Germany के गुरुद्वारे में बवालः कृपाण से किया हमला और गोलीबारी… आपस में भिड़े 40 से ज्यादा लोग

April 21, 2026

Germany के गुरुद्वारे में बवालः कृपाण से किया हमला और गोलीबारी… आपस में भिड़े 40 से ज्यादा लोग

Germany Gurdwara Violence :  जर्मनी के मूर्स शहर में स्थित एक गुरुद्वारे (गुरुद्वारा सिंह सभा) में हिंसा की गंभीर घटना सामने आई है। जहां,  झगड़े में कम से कम 11 लोगों के घायल होने की बात कही जा रही है, जबकि कुछ रिपोर्ट्स में यह संख्या 40 से भी ज्यादा बताई गई है। यह घटना रविवार को उस समय हुई, जब लोग गुरुद्वारे में प्रार्थना करने के लिए इकट्ठा हो रहे थे। जानकारी के अनुसार, गुरुद्वारे के अंदर दो अलग-अलग गुटों के बीच पहले से ही विवाद चल रहा था। रविवार को यह विवाद अचानक बढ़ गया और देखते ही देखते दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। माहौल बहुत जल्दी हिंसक हो गया।

 

कृपाण, चाकू और पेपर स्प्रे का हुआ  इस्तेमाल

बताया जा रहा है कि झगड़े की शुरुआत पेपर स्प्रे के इस्तेमाल से हुई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद कुछ लोगों ने चाकू, कृपाण और अन्य हथियारों से एक-दूसरे पर हमला करना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि गोली चलने जैसी आवाज आई, लेकिन बाद में शक हुआ कि वह असली पिस्तौल नहीं बल्कि नकली (ब्लैंक) हथियार हो सकता है।

 

 

भगदड़ मचने पर लोग जान बचाकर भागे

जैसे ही झगड़ा बढ़ा, गुरुद्वारे के अंदर भगदड़ मच गई। कई श्रद्धालु डर के कारण बाहर की ओर भागे। कुछ लोग तो इतने घबरा गए कि बिना जूते-चप्पल के ही बाहर निकल गए। पूरे माहौल में डर और तनाव फैल गया।

 

प्रबंधन को लेकर पुराना विवाद

शुरुआती जांच और लोगों के बयान के अनुसार, यह झगड़ा गुरुद्वारे के प्रबंधन को लेकर चल रहे पुराने विवाद का नतीजा हो सकता है। बताया जा रहा है कि पुरानी और नई कमेटी के सदस्यों के बीच अधिकार और नियंत्रण को लेकर टकराव था।

 

पैसे और चुनाव को लेकर भी तनाव

गुरुद्वारे की गोलक (दान राशि) और वित्तीय मामलों को लेकर भी विवाद बताया जा रहा है। हाल ही में हुए चुनाव के बाद प्रबंधन बदलने से कुछ लोग नाराज थे, जिससे तनाव और बढ़ गया। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी एक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

 

स्थिति पर काबू पाने के लिये कमांडो तैनात

स्थिति को काबू में करने के लिए करीब 100 पुलिसकर्मियों को मौके पर तैनात किया गया। जर्मनी की विशेष कमांडो यूनिट (SEK) को भी बुलाया गया। हेलीकॉप्टर से निगरानी की गई और पूरे इलाके को घेर लिया गया। एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है और जांच जारी है।

 

धार्मिक मर्यादा का भी उल्लंघन

इस घटना के दौरान कुछ लोगों की पगड़ियां तक उतर गईं, जो सिख धर्म में सम्मान और पहचान का महत्वपूर्ण प्रतीक मानी जाती हैं। सबसे चिंताजनक बात यह रही कि गुरु ग्रंथ साहिब की मौजूदगी में ही कुछ लोगों ने हथियारों का इस्तेमाल किया, जो धार्मिक दृष्टि से बेहद गलत माना जाता है।

 

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें