Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

विश्व खेलों के लिए तैयार है छंग्तू

August 4, 2025

विश्व खेलों के लिए तैयार है छंग्तू

इंटरनेशनल डेस्क: 3 अगस्त को, 12वें विश्व खेलों के लिए खेल गांव का उद्घाटन हुआ। दुनिया भर के एथलीट आगामी अंतर्राष्ट्रीय बहु-खेल आयोजन का स्वागत करने के लिए एकत्रित हुए, जिसमें मुख्य रूप से गैर-ओलंपिक खेल शामिल होंगे।
7 से 17 अगस्त तक चीन के छंग्तू में आयोजित होने वाले 12वें विश्व खेल चीन द्वारा आयोजित पहला विश्व खेल होगा।

3 अगस्त को विलेज का उद्घाटन समारोह सादा और शानदार रहा, जिसमें अंतर्राष्ट्रीय विश्व खेल संघ, विश्व खेल विलेज के कर्मचारियों और स्वयंसेवकों के 200 से अधिक प्रतिनिधि शामिल हुए। विलेज प्रमुख, कर्मचारियों के प्रतिनिधि और स्वयंसेवी प्रतिनिधियों ने भाषण दिया, जिससे मेजबान देश की प्रतिबद्धता और उत्साह का प्रदर्शन हुआ।

मौजूदा होटल सुविधाओं पर बने विश्व खेल विलेज में पारंपरिक चीनी चिकित्सा केंद्र और लाइसेंस प्राप्त व्यापारिक खुदरा दुकानें और बहुत कुछ है। विश्व खेलों के दौरान, छंग्तू विश्व खेल गाँव लगभग 7000 प्रतिभागियों को सेवाएँ प्रदान करेगा।
छंग्तू विश्व खेलों के लिए 27 प्रतियोगिता स्थल, जिनमें व्यायामशाला, आर्द्रभूमि पार्क और झील किनारे स्टेडियम शामिल हैं, पूरी तरह से बनकर तैयार हो चुके हैं और प्रतियोगिता के लिए सर्वोत्तम स्थिति में हैं।

8662 आयोजन स्वयंसेवक और लगभग 10000 नगर स्वयंसेवक भी तैयार हैं। उद्घाटन और समापन समारोहों तथा विश्व खेल गाँव से लेकर मुख्य मीडिया केंद्र और विभिन्न प्रतियोगिता स्थलों तक, वे अपनी-अपनी भूमिकाओं में सहायता प्रदान करेंगे। इसके अलावा, छंग्तू में 532 नगर स्वयंसेवी सेवा केंद्रों में, स्वयंसेवक विभिन्न गतिविधियाँ भी संचालित करेंगे, जिनमें आयोजन का प्रचार, नगर प्रचार और जन सेवाएँ शामिल हैं।

छंगतू विश्व खेलों में 34 प्रमुख स्पर्धाएँ और 256 स्पर्धाएँ शामिल हैं, जिनमें से अधिकांश गैर-ओलंपिक खेल हैं। चीनी प्रतिनिधिमंडल ने 28 प्रमुख स्पर्धाओं के 152 स्पर्धाओं के लिए अर्हता प्राप्त कर ली है, और 321 एथलीट इसमें भाग लेंगे। यह चीन के लिए विश्व खेलों में सबसे बड़ी और सबसे विविध भागीदारी है, और यह पहली बार है जब चीन ने विकलांग एथलीटों को भी इसमें भाग लेने के लिए भेजा है।

आईओसी के आजीवन मानद अध्यक्ष थॉमस बाख ने पहले ही इन खेलों के लिए अपनी उत्सुकता व्यक्त की थी। अंतर्राष्ट्रीय विश्व खेल संघ के उपाध्यक्ष टॉम डिलन ने तैयारी कार्य की सराहना करते हुए कहा: “तैयारियाँ बहुत कुशल, विस्तृत और पेशेवर हैं। हमें विश्वास है कि छंग्तू सभी के लिए एक अविस्मरणीय आयोजन लेकर आएगा।”

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

ये भी पढ़ें : दिल्ली में आज हनी सिंह का कॉन्सर्ट, कई इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन; पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें