Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

चीन हमेशा एक अनिश्चित दुनिया में “संतुलक” की भूमिका निभाएगा: चीनी विदेश मंत्रालय 

January 23, 2026

चीन हमेशा एक अनिश्चित दुनिया में “संतुलक” की भूमिका निभाएगा: चीनी विदेश मंत्रालय 

23 जनवरी को चीन की राजधानी पेइचिंग में चीनी विदेश मंत्रालय द्वारा आयोजित नियमित प्रेस कॉन्फ़्रेंस में चाइना मीडिया ग्रुप (सीएमजी) के एक पत्रकार ने विश्व आर्थिक मंच की 2026 वार्षिक बैठक को लेकर प्रश्न किया। उन्होंने कहा कि यह बैठक शीघ्र ही संपन्न होने वाली है और इसका विषय “संवाद की भावना” रखा गया है, लेकिन इसके साथ ही प्रतिभागियों ने वैश्विक विभाजन और बढ़ते संघर्षों पर चिंता भी व्यक्त की है। इस पृष्ठभूमि में पत्रकार ने जानना चाहा कि चीन इस वार्षिक बैठक का मूल्यांकन किस प्रकार करता है, मौजूदा परिस्थितियों में संवाद को कैसे आगे बढ़ाया जाना चाहिए और क्या चीन अंतरराष्ट्रीय मामलों में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए तैयार है।

इन सवालों के जवाब में प्रवक्ता कुओ च्याखुन ने कहा कि चीनी उप प्रधानमंत्री हे लीफ़ंग ने विश्व आर्थिक मंच की इस वार्षिक बैठक में भाग लिया और अपने भाषण में चार प्रमुख बिंदुओं को स्पष्ट रूप से सामने रखा। उन्होंने मुक्त व्यापार के दृढ़ समर्थन, बहुपक्षवाद को मज़बूती से बनाए रखने, पारस्परिक लाभ वाले सहयोग पर टिके रहने और आपसी सम्मान तथा समान परामर्श के सिद्धांत का पालन करने पर ज़ोर दिया। 

प्रवक्ता के अनुसार, इन बिंदुओं के माध्यम से चीन ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय को यह सकारात्मक संदेश दिया कि वह उच्च गुणवत्ता वाले विकास को आगे बढ़ाने, उच्च स्तरीय खुलेपन का विस्तार करने, समावेशी आर्थिक वैश्वीकरण को प्रोत्साहित करने और अधिक न्यायसंगत व तर्कसंगत अंतरराष्ट्रीय आर्थिक एवं व्यापारिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

प्रवक्ता ने आगे कहा कि जैसे-जैसे विश्व में अनिश्चितताओं और अस्थिरताओं की संख्या बढ़ रही है, वैसे-वैसे साझा चुनौतियों का सामना करने के लिए संवाद के ज़रिये एकजुटता और सहयोग को मज़बूत करना और भी आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि इतिहास बार-बार यह साबित कर चुका है कि टकराव और शत्रुता केवल विनाश और पतन की ओर ले जाते हैं, जबकि संवाद और सहयोग समृद्धि और प्रगति का मार्ग प्रशस्त करते हैं।

उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि परिस्थितियाँ चाहे जैसी भी हों, चीन हमेशा एक अनिश्चित दुनिया में “संतुलक” की भूमिका निभाता रहेगा और अपने विकास के माध्यम से सभी देशों के साझा विकास के लिए अवसर, आत्मविश्वास और प्रोत्साहन प्रदान करेगा। प्रवक्ता के अनुसार, चीन संवाद के माध्यम से मतभेदों को दूर करने, सहयोग के ज़रिये आपसी विश्वास बढ़ाने, कार्रवाई के माध्यम से प्रतिबद्धताओं को पूरा करने और वैश्विक चुनौतियों का संयुक्त रूप से समाधान खोजने के लिए सभी पक्षों के साथ मिलकर काम करने को तैयार है, ताकि मानवता के लिए साझा भविष्य वाले समुदाय का निर्माण किया जा सके।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग) 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें