Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

चीन ने संयुक्त राष्ट्र पर केंद्रित अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था को बनाए रखने का आह्वान किया

October 21, 2025

चीन ने संयुक्त राष्ट्र पर केंद्रित अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था को बनाए रखने का आह्वान किया

संयुक्त राष्ट्र में चीन के उप-स्थायी प्रतिनिधि कंग शुआंग ने 20 अक्टूबर को कहा कि वर्तमान अशांत अंतर्राष्ट्रीय स्थिति में अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को संयुक्त राष्ट्र पर केंद्रित अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था, अंतर्राष्ट्रीय कानून पर आधारित अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के उद्देश्यों और सिद्धांतों पर आधारित अंतरराष्ट्रीय संबंधों के बुनियादी मापदंड को बनाए रखने की आवश्यकता है।

80वीं संयुक्त राष्ट्र महासभा की छठी समिति के एक सम्मेलन में भाषण देते हुए कंग शुआंग ने कहा कि यह वर्ष विश्व फासीवाद विरोधी युद्ध की विजय की 80वीं वर्षगांठ और संयुक्त राष्ट्र की स्थापना की 80वीं वर्षगांठ भी है, जो इतिहास को याद करने और भविष्य को गढ़ने का एक महत्वपूर्ण क्षण है। चार्टर ने युद्धोत्तर अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था की नींव रखी, समकालीन अंतर्राष्ट्रीय कानून की नींव रखी और संयुक्त राष्ट्र की मूल आकांक्षा और मिशन को आगे बढ़ाया।

कंग शुआंग ने कहा कि कुछ समय पहले ही चीन ने वैश्विक शासन पहल प्रस्तुत की थी, जिसमें संप्रभु समानता, अंतर्राष्ट्रीय कानून का शासन, बहुपक्षवाद, जन-केंद्रित दृष्टिकोण और व्यावहारिक परिणामों की प्राप्ति का आह्वान किया गया था। चीन वैश्विक शासन पहल के मार्गदर्शन में सभी पक्षों के साथ चार्टर के उद्देश्यों और सिद्धांतों को बनाए रखने, एक अधिक न्यायसंगत और समतापूर्ण वैश्विक शासन प्रणाली के निर्माण को बढ़ावा देने और मानव जाति साझा भविष्य समुदाय की दिशा में संयुक्त रूप से आगे बढ़ने को तैयार है।

कंग शुआंग ने इस बात पर ज़ोर दिया कि अंतर्राष्ट्रीय शांति और सुरक्षा बनाए रखना सभी देशों द्वारा चार्टर के प्रति की गई एक गंभीर प्रतिबद्धता है। अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को चार्टर के उद्देश्यों और सिद्धांतों का संयुक्त रूप से पालन करना चाहिए, सभी देशों की संप्रभुता, स्वतंत्रता और प्रादेशिक अखंडता का सम्मान करना चाहिए, साझा, व्यापक, सहयोगात्मक और सतत सुरक्षा की अवधारणा को बनाए रखना चाहिए, विवादों के शांतिपूर्ण समाधान पर कायम रहना चाहिए और जानबूझकर बल प्रयोग या बल प्रयोग की धमकी का विरोध करना चाहिए। 

(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप ,पेइचिंग)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें