Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

चीन का आह्वान: डब्ल्यूटीओ में एकतरफा टैरिफ का विरोध करें, बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली बनाए रखें

July 24, 2025

चीन का आह्वान: डब्ल्यूटीओ में एकतरफा टैरिफ का विरोध करें, बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली बनाए रखें

विश्व व्यापार संगठन (WTO) ने 22 से 23 जुलाई तक स्विट्ज़रलैंड के जिनेवा शहर में अपनी सामान्य परिषद की 2025 की तीसरी बैठक आयोजित की। इस बैठक में, चीन ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए एजेंडा निर्धारित करने की पहल की और “वर्तमान परिस्थितियों में बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली के समर्थन हेतु सुझाव” पर एक लिखित प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस प्रस्ताव में एकतरफ़ा टैरिफ़ उपायों का पुरजोर विरोध करने और बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली को संयुक्त रूप से बनाए रखने का आह्वान किया गया।

चीन ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान वैश्विक व्यापार में उथल-पुथल तेज़ हो रही है और अनिश्चितता तथा विखंडन का जोखिम लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ महीनों में, नए एकतरफ़ा टैरिफ़ उपाय लगातार लागू किए जा रहे हैं, और व्यापार प्रतिबंधात्मक उपायों से प्रभावित व्यापार की मात्रा 27 खरब अमेरिकी डॉलर तक पहुँच गई है, जो 2009 में आँकड़े उपलब्ध होने के बाद से सबसे अधिक संख्या है। इस गंभीर पृष्ठभूमि में, चीन डब्ल्यूटीओ के सदस्यों से एकता और सहयोग को मज़बूत करने तथा बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली का अधिक प्रभावी ढंग से समर्थन करने का आग्रह करता है।

चीन ने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि व्यापार तनाव कम करने के लिए संबंधित सदस्यों द्वारा किए गए द्विपक्षीय समझौते या प्रासंगिक उपाय डब्ल्यूटीओ के नियमों का पूरी तरह से पालन करने चाहिए। चीन ने सुझाव दिया कि डब्ल्यूटीओ सचिवालय एकतरफ़ा उपायों और द्विपक्षीय समझौतों के पर्यवेक्षण और विश्लेषण को मज़बूत करे, साथ ही सदस्यों को संबंधित समझौतों और उपायों के प्रभाव, विशेष रूप से तीसरे पक्ष के सदस्यों पर उनके संभावित नकारात्मक प्रभाव, के बारे में तुरंत सूचित करे।

बैठक में ब्राज़ील, यूरोपीय संघ, ऑस्ट्रेलिया, न्यूज़ीलैंड, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, कंबोडिया, रूस और वेनेज़ुएला जैसे कई सदस्यों ने चीन के विचारों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि व्यापार अशांति का बढ़ना सदस्यों के साझा हितों के अनुरूप नहीं है, और एकतरफ़ा टैरिफ़ उपाय बहुपक्षीय नियमों के आधार को कमज़ोर करते हैं। इन उपायों से उद्यमों और उपभोक्ताओं की लागत में काफ़ी वृद्धि होती है, और ख़ास तौर पर कमज़ोर विकासशील सदस्यों के आर्थिक और सामाजिक विकास पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। 

इस मौजूदा स्थिति में, सभी ने सहमति व्यक्त की कि बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली को बनाए रखना पहले से कहीं ज़्यादा महत्वपूर्ण है। सभी पक्षों को निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा का माहौल बनाने और अंतर्राष्ट्रीय व्यापार व्यवस्था की स्थिरता बनाए रखने के लिए डब्ल्यूटीओ के नियमों में सुधार और उन्हें अद्यतन करना चाहिए।

(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप ,पेइचिंग)

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें