Site icon Dainik Savera Times

पेइचिंग में चीन-फ्रांस रणनीतिक वार्ता आयोजित

चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने 30 अक्तूबर को पेइचिंग में फ्रांसीसी राष्ट्रपति के राजनयिक सलाहकार इमैनुएल बोन के साथ 24वीं चीन-फ्रांस रणनीतिक वार्ता आयोजित की। इस दौरान, दोनों पक्षों ने चीन-फ्रांस संबंधों, चीन-यूरोपीय संघ संबंधों और अंतरराष्ट्रीय व क्षेत्रीय मुद्दों पर मैत्रीपूर्ण और गहन रूप से विचारों का आदान-प्रदान किया। उन्होंने रणनीतिक वार्ता की महत्वपूर्ण भूमिका को पूरा करने, द्विपक्षीय संबंधों के उच्च-स्तरीय विकास को बढ़ावा देने, और वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति व्यक्त की। 

वांग यी ने कहा कि दोनों देशों के राष्ट्रपतियों के रणनीतिक मार्गदर्शन में, चीन-फ्रांस संबंध लगातार आगे बढ़े हैं, जिससे अनिश्चित दुनिया में मूल्यवान स्थिरता प्रदान हुई है। स्वतंत्र प्रमुख देशों के रूप में, चीन और फ्रांस को अपनी-अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। आपसी सम्मान, उभय जीत वाले सहयोग, आदान-प्रदान और आपसी सीख का पालन करना चाहिए। स्थिर, आपसी लाभप्रद, अग्रगामी चीन-फ्रांस व्यापक रणनीतिक साझेदारी की स्थापना करनी चाहिए। चीन-फ्रांस संबंधों के सकारात्मक विकास का उपयोग कर चीन-यूरोपीय संघ संबंधों की स्थिरता और दीर्घकालिक विकास का नेतृत्व करते हुए संयुक्त रूप से अंतर्राष्ट्रीय समुदाय की एकता और प्रगति को बढ़ावा देना चाहिए।  

बोन ने कहा कि फ्रांस चीन के साथ संबंध के विकास, दुनिया में चीन के स्थान और भूमिका को बहुत महत्व देता है। फ्रांस को चीनी अर्थव्यवस्था पर भरोसा है और चीन के विकास को रोकने का कोई इरादा नहीं है। वार्ता के दौरान, दोनों पक्षों ने चीन-यूरोपीय संघ संबंधों, यूक्रेन संकट, फिलिस्तीन-इजरायल संघर्ष, जलवायु परिवर्तन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आदि विषयों पर विचार-विमर्श किया। 

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

Exit mobile version