Site icon Dainik Savera Times

विश्व आर्थिक मंच की कार्यकारी निदेशक: चीन निवेश और सहयोग के लिए एक केन्द्र बना

विश्व आर्थिक मंच के नए चैम्पियंस (यानी ग्रीष्मकालीन दावोस मंच) की 16वीं वार्षिक सम्मेलन के आयोजन के अवसर पर, विश्व आर्थिक मंच की कार्यकारी निदेशक और ग्रेटर चाइना क्षेत्र की अध्यक्ष जिम हुआय नियो (Gim Huay Neo) ने कहा कि विश्व आर्थिक विकास के महत्वपूर्ण इंजन और नवाचार के अग्रणी के रूप में चीन वैश्विक विकास में निरंतर मजबूत गति प्रदान करता है। चीन अंतर्राष्ट्रीय निवेश और सहयोग के लिए महत्वपूर्ण केंद्र और उपजाऊ भूमि बना हुआ है।

इस बार का ग्रीष्मकालीन दावोस मंच 24 से 27 जून तक चीन के थ्येनचिन शहर में आयोजित होगा, जिसका विषय है “नये युग में उद्यमशीलता“। 90 से अधिक देशों और क्षेत्रों के लगभग 1,800 अतिथियों के इस बैठक में भाग लेने की उम्मीद है। जिम हुआय नियो ने कहा कि इस बार का मंच विश्व अर्थव्यवस्था में अत्यधिक अनिश्चितता और अस्थिरता की पृष्ठभूमि में आयोजित किया जा रहा है, लेकिन प्रतिभागियों की संख्या रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने की उम्मीद है। यह चीनी व एशियाई बाजारों में अंतर्राष्ट्रीय कंपनियों व निवेशकों की मजबूत रुचि को पूरी तरह से दर्शाता है। वे कृत्रिम बुद्धिमत्ता, उन्नत विनिर्माण और स्वास्थ्य सेवा आदि विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के अवसरों की सक्रिय रूप से तलाश कर रहे हैं।

विश्व की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था, वस्तु व्यापार में विश्व का सबसे बड़ा देश और 150 से अधिक देशों व क्षेत्रों का प्रमुख व्यापारिक साझेदार होने के रूप में, चीन का योगदान वैश्विक आर्थिक विकास में कई वर्षों से लगभग 30 प्रतिशत पर बना हुआ है। जिम हुआय नियो ने कहा कि चीन बहुत ही दीर्घकालिक दृष्टिकोण के साथ प्रौद्योगिकी और प्रतिभा में निवेश करता है। चाहे हरित ऊर्जा का विकास हो या औद्योगिक परिवर्तन व उन्नयन, उभरते उद्योगों में चीन का प्रदर्शन इस विकास अवधारणा व मॉडल की दूरदर्शी प्रकृति को पूरी तरह से प्रदर्शित करता है।

साथ ही, जिम हुआय नियो ने बताया कि चीन ने ऊर्जा सुरक्षा, ऊर्जा उपलब्धता और पर्यावरण संरक्षण की समस्या को अभिनव तरीके से हल किया है। चीन ने जलवायु परिवर्तन की चुनौती को औद्योगिक उन्नयन के अवसर में बदल दिया है। इससे अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को बहुमूल्य अनुभव प्राप्त हुआ है। विश्व आर्थिक मंच को उम्मीद है कि वह चीन और एशिया व दुनिया के अन्य क्षेत्रों के बीच संचार का पुल बनाने के लिए चीन के साथ काम करना जारी रखेगा।

(साभार – चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग) 

Exit mobile version