वर्तमान में चीन भीषण गर्मी और उमस की चपेट में है। पारंपरिक सोच के अनुसार, ऐसा उच्च तापमान आर्थिक गतिविधियों के लिए बाधा उत्पन्न करता है। दिन के समय सड़कें अक्सर सुनसान रहती हैं, जिससे बाहरी काम और व्यावसायिक गतिविधियां धीमी पड़ जाती हैं। हालांकि, इस प्रचंड गर्मी के बावजूद, चीन ने अपनी आर्थिक जीवन शक्ति में उल्लेखनीय बदलाव किया है। गर्मी का मौसम अब आर्थिक ठहराव का पर्याय नहीं रहा, बल्कि यह नए उपभोग परिदृश्यों के पनपने के लिए एक उपजाऊ ज़मीन बन गया है।
गर्मियों की छुट्टियों में अवकाश अर्थव्यवस्था अब केवल आराम या ठंडक पाने तक सीमित नहीं है, बल्कि विविध अनुभवों की ओर बढ़ रही है। शहरी क्षेत्रों में बर्फ से सजे स्थानों का उदय “कृत्रिम शीतलता” के लिए एक नया बाज़ार खोल रहा है। वहीं, सांस्कृतिक स्थल और पुस्तकालय अब नए “कूल रिसॉर्ट्स” बन गए हैं, जहाँ लोग ठंडक के साथ-साथ ज्ञान और सांस्कृतिक पोषण भी प्राप्त कर सकते हैं।
इसके अलावा, ग्रीष्मकालीन अवकाश पर्यटन अब गहरे अनुभवों की तलाश कर रहा है, जैसे जंगल में लंबी पैदल यात्रा, जल क्रीड़ाएँ और तारों भरे आकाश में कैंपिंग। ये अनुभवात्मक ग्रीष्मकालीन अवकाश परियोजनाएँ न केवल ठंडक की मांग पूरी करती हैं, बल्कि मनुष्य और प्रकृति के बीच के संबंधों को भी नया रूप देती हैं।
चीन में रात होते ही शहरी अर्थव्यवस्था की धड़कनें और तेज़ हो जाती हैं। दिन की गर्मी कम होने के बाद, रात्रि अर्थव्यवस्था गर्मियों में खपत को बढ़ाने का मुख्य इंजन बन जाती है। रात्रि बाज़ार आकर्षक शहरी माहौल से भरे होते हैं, जहाँ सड़क पर प्रदर्शन करने वाले कलाकार शहर की सांस्कृतिक चमक बढ़ाते हैं। संग्रहालय और आर्ट गैलरी भी अपने खुलने के समय को बढ़ा रही हैं, ताकि गर्मियों की रातों में सांस्कृतिक महत्व जोड़ा जा सके।
साथ ही, उच्च तापमान के दिनों में चीन की ऑनलाइन अर्थव्यवस्था ने भी मज़बूत लचीलापन और जीवंतता दिखाई है। ताज़ा भोजन और टेकअवे ऑर्डर में भारी वृद्धि हुई है, और ठंडा भोजन तथा दैनिक ज़रूरत की चीज़ें केवल एक क्लिक पर घर तक पहुंचाई जा रही हैं।
हीटस्ट्रोक से बचाव और ठंडक देने वाले उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री में भी तेज़ी आई है, और लोगों की “कूल टेक्नोलॉजी” की चाहत को पूरा करने के लिए स्मार्ट एयर कंडीशनर, पोर्टेबल पंखे जैसे उत्पाद लगातार पेश किए जा रहे हैं। ऑनलाइन और ऑफलाइन एकीकरण तथा पूरकता के इस मॉडल ने एक अदृश्य लेकिन मज़बूत “उच्च तापमान आर्थिक नेटवर्क” का निर्माण किया है, जिसने बुनियादी उपभोग के सुचारू प्रवाह को सुनिश्चित किया है।
गर्मियों की अवकाश अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करना केवल बाज़ार इकाइयों के अकेले प्रयास से संभव नहीं है। शहरी शासन और नीतिगत मार्गदर्शन की इसमें एक अपूरणीय भूमिका है। उच्च तापमान भत्ते जैसी श्रम सुरक्षा नीतियाँ चरम मौसम में आर्थिक व्यवस्था के स्वस्थ संचालन की मानवीय आधारशिला हैं। बाहरी निर्माण समय की वैज्ञानिक व्यवस्था और स्थिर जल तथा विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना आर्थिक गतिविधियों को सीधा बुनियादी सहारा प्रदान करता है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

