Last Updated: September 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

चीन का राष्ट्रीय अवकाश खुशियां बांटने के साथ-साथ अर्थव्यवस्था को भी नई ऊर्जा देता है 

October 23, 2025

चीन का राष्ट्रीय अवकाश खुशियां बांटने के साथ-साथ अर्थव्यवस्था को भी नई ऊर्जा देता है 

चीन के राष्ट्रीय अवकाश को गोल्डन वीक के नाम से भी जाना जाता है।हर साल एक ऐसा समय होता है जब पूरा देश उत्सव के रंग में डूब जाता है। इस दौरान सड़कों पर रौनक, बाजारों में चहल-पहल और लोगों के चेहरों पर खुशी साफ देखी जा सकती है। लोग अपने घरों को सजाते हैं। सड़कों पर रंग-बिरंगे झंडे और लालटेन लटकाए जाते हैं और हर कोने में उत्साह नजर आता है। यह समय लोगों के लिए अपने व्यस्त जीवन से ब्रेक लेकर परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताने का सुनहरा मौका होता है। इस साल भी चीन में हर तरफ यह नजारा देखने को मिला। गोल्डन वीक में लोगों ने जमकर एंज्‍वॉय किया। एक दूसरे से मिले और बधाईयां दी यही नहीं शहरों में हर तरफ चहल पहल देखने को मिली। चीन के इस राष्‍ट्रीय अवकाश की रौनक देखते ही बनती है। ये नजारा साल में एक बार देखने को मिलता है।

कब होता है चीन का राष्ट्रीय दिवस अवकाश?

चीन राष्ट्रीय दिवस को आधिकारिक तौर पर पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना का राष्ट्रीय दिवस कहा जाता है। यह हर साल एक अक्टूबर को मनाया जाता है। यह 1949 में पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना की स्थापना के उपलक्ष्‍य में मनाया जाता है। आमतौर पर चीनी लोग 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक 7 दिनों के सार्वजनिक अवकाश का आनंद लेते हैं, जिसे गोल्डन वीक के नाम से जाना जाता है।

पर्यटकों से भर जाता है शहर 

राष्ट्रीय अवकाश के दौरान लोग अपने रिश्तेदारों से मिलने जाते हैं या फिर नई जगहों की सैर पर निकल पड़ते हैं। पर्यटन इस दौरान अपने चरम पर होता है। चीन के मशहूर पर्यटक स्थल, जैसे ग्रेट वॉल, टेराकोटा आर्मी, शंघाई और पेइचिंग जैसे शहर पर्यटकों से खचाखच भरे रहते हैं। लोग न केवल देश के भीतर घूमते हैं बल्कि कई बार विदेश यात्रा भी करते हैं। यह समय नई संस्कृतियों और जगहों को जानने का भी होता है जो लोगों को तरोताजा कर देता है।

अर्थव्यवस्था में जबरदस्त उछाल

गोल्डन वीक का एक बड़ा प्रभाव चीन की अर्थव्यवस्था पर पड़ता है। इस दौरान पर्यटन, खरीदारी और मनोरंजन जैसे क्षेत्रों में जबरदस्त उछाल देखने को मिलता है। लोग जमकर खरीदारी करते हैं। रेस्तरां और होटल भरे रहते हैं और स्थानीय व्यवसायों को भी इस भीड़ का फायदा मिलता है। दुकानें, मॉल और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म खास ऑफर और छूट देते हैं, जिससे उपभोक्ता और ज्यादा उत्साह के साथ खर्च करते हैं। यह अवकाश छोटे-बड़े सभी तरह के व्यवसायों के लिए एक सुनहरा मौका होता है।

सरकार का योगदान और सांस्कृतिक आयोजन

चीन की सरकार इस अवकाश को और आकर्षक बनाने के लिए कई कदम उठाती है। पर्यटक स्थलों पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम,आतिशबाजी और अन्य इवेंट्स का आयोजन किया जाता है। ये आयोजन न केवल लोगों का मनोरंजन करते हैं बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को और मजबूत करते हैं। इस बार भी गोल्डन वीक ने न सिर्फ लोगों को एकजुट किया, बल्कि देश की आर्थिक गतिशीलता को नई गति दी। यह देखना वाकई सुखद है कि कैसे एक अवकाश खुशियां बांटने के साथ-साथ अर्थव्यवस्था को भी नई ऊर्जा देता है।

(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप ,पेइचिंग)  (लेखक— डी के)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें