China Nepal diplomatic relations : 1 अगस्त को चीनी राष्ट्रपति शी चिनफ़िंग और नेपाली राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल ने चीन-नेपाल राजनयिक संबंधों की स्थापना की 70वीं वर्षगांठ के अवसर पर एक-दूसरे को बधाई संदेश भेजे। इस ऐतिहासिक मौके पर दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों की मजबूती और भविष्य की संभावनाओं को लेकर आशा व्यक्त की।
अपने संदेश में राष्ट्रपति शी चिनफ़िंग ने कहा कि चीन और नेपाल पर्वतों और नदियों से जुड़े हुए हैं, और उनके बीच मैत्रीपूर्ण आदान-प्रदान का एक लंबा इतिहास रहा है। बीते 70 वर्षों में अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय परिस्थितियों में अनेक बदलाव आए, लेकिन दोनों देशों ने सदैव एक-दूसरे का सम्मान किया, समान व्यवहार किया और पारस्परिक लाभ पर आधारित सहयोग को मज़बूत किया। इससे विभिन्न सामाजिक व्यवस्थाओं और आकारों वाले देशों के बीच सह-अस्तित्व और मैत्री का एक अनुकरणीय मॉडल स्थापित हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि हाल के वर्षों में चीन-नेपाल संबंध लगातार मज़बूत हुए हैं, राजनीतिक आपसी विश्वास में वृद्धि हुई है, और बेल्ट ऐंड रोड पहल के तहत द्विपक्षीय सहयोग नए आयाम छू रहा है। दोनों देशों के बीच विकास और समृद्धि के लिए स्थायी मैत्रीपूर्ण रणनीतिक साझेदारी दिन-ब-दिन गहराती जा रही है।
वहीं, राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल ने कहा कि नेपाल और चीन के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के बाद से पिछले सात दशकों में आपसी विश्वास, संप्रभु समानता और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व को लगातार बनाए रखा गया है। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि नेपाल-चीन मित्रता समय की कसौटी पर खरी उतरी है। नेपाल, चीन को एक भरोसेमंद पड़ोसी और विकास साझेदार मानता है, और उसके द्वारा नेपाल की संप्रभुता, स्वतंत्रता और दीर्घकालिक विकास में दिए गए समर्थन के लिए आभार प्रकट करता है। उन्होंने यह भी दोहराया कि नेपाल ‘एक-चीन सिद्धांत’ का मज़बूती से समर्थन करता है और चीन के साथ मिलकर विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा करना चाहता है ताकि शांति, प्रगति और समृद्धि के साझा लक्ष्यों को प्राप्त किया जा सके।
इसी दिन, चीनी प्रधानमंत्री ली छ्यांग और नेपाली प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने भी एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ली छ्यांग ने कहा कि चीन, नेपाल के साथ अपने संबंधों को अत्यधिक महत्व देता है और राजनयिक संबंधों की 70वीं वर्षगांठ को द्विपक्षीय सहयोग को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के अवसर के रूप में देखता है। उन्होंने बेल्ट एंड रोड पहल के तहत उच्च गुणवत्ता वाले सहयोग और विभिन्न क्षेत्रों में समन्वय बढ़ाने की इच्छा ज़ाहिर की।
प्रधानमंत्री केपी ओली ने अपने संदेश में कहा कि नेपाल और चीन शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के पाँच सिद्धांतों के आधार पर अपने संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने नेपाल की संप्रभुता और विकास पथ के प्रति चीन के सम्मान की सराहना करते हुए चीन की ऐतिहासिक उपलब्धियों की भी प्रशंसा की। ओली ने आश्वस्त किया कि नेपाल भविष्य में भी दोनों देशों के बीच हुए समझौतों को लागू करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा, जिससे दोनों देशों की जनता को ठोस लाभ मिल सके।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

