Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

“चीजें खरीदने” से लेकर “जीवन का आनंद लेने” तक, उपभोग के नए तरीके नए लाभ लेकर आते हैं

April 19, 2026

“चीजें खरीदने” से लेकर “जीवन का आनंद लेने” तक, उपभोग के नए तरीके नए लाभ लेकर आते हैं

China News: “हम ऑटोमोबाइल, कृषि और वित्तीय सेवाओं जैसे क्षेत्रों में चीन के साथ सहयोग पर ध्यान केंद्रित करना जारी रखेंगे…” 18 अप्रैल को संपन्न हुए छठे चीन अंतर्राष्ट्रीय उपभोक्ता उत्पाद एक्सपो (हाईनान एक्सपो) के दौरान कनाडा के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू ने चाइना मीडिया ग्रुप (सीएमजी) से बातचीत में यह बात कही। इस एक्सपो में कई विदेशी प्रदर्शकों ने अपने अनुभव साझा किए और चीन के साथ भविष्य के सहयोग को लेकर भरोसा जताया।

यह एक्सपो कई मायनों में खास रहा। यह चीन की “15वीं पंचवर्षीय योजना” (2026–2030) की शुरुआत के वर्ष की पहली बड़ी प्रदर्शनी है और साथ ही हाईनान मुक्त व्यापार बंदरगाह के पूरी तरह चालू होने के बाद आयोजित पहला प्रमुख आयोजन भी है। इस वर्ष कुल प्रदर्शकों में 65 प्रतिशत अंतर्राष्ट्रीय रहे, जो पिछले साल से 20 प्रतिशत अंक अधिक है। 277 नए उत्पाद लॉन्च किए गए, जो पिछले वर्ष की तुलना में दोगुने हैं। पहली बार पर्यटन खुदरा ब्रांड इनक्यूबेशन ज़ोन और क्रेता सेवा केंद्र भी स्थापित किए गए।

उल्लेखनीय बात यह है कि कई विदेशी कंपनियां मुक्त व्यापार बंदरगाह के व्यापार सुगमीकरण के अवसरों का लाभ उठा रही हैं और “वैश्विक स्तर पर खरीद और बिक्री” के लिए विशेष टीमें गठित कर रही हैं, जिससे दुनिया भर से अच्छे उत्पादों और चीन से उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों के दोतरफा प्रवाह को बढ़ावा मिल रहा है, और चीनी बाजार दुनिया के लिए एक बड़ा अवसर बन गया है।

उच्च गुणवत्ता वाले उपभोक्ता सामानों के प्रदर्शन और व्यापार के लिए एक वैश्विक मंच के रूप में, इस वर्ष के उपभोक्ता उत्पाद एक्सपो में हरित और कम कार्बन उत्सर्जन वाले उत्पादों के साथ-साथ एआई चश्मे और उड़ने वाली कारों जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन किया गया, जो हरित और बुद्धिमान उपभोग के व्यापक चलन को दर्शाता है। इसी बीच, गहन और अंतःक्रियात्मक “अनुभव अर्थव्यवस्था” भी एक नया चलन बन गई है।

हाईनान अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक विकास ब्यूरो की मुख्य अर्थशास्त्री त्सेंन रोंग के अनुसार, यह बदलाव तकनीकी क्षमता और भावनात्मक मूल्य के मेल को दर्शाता है। लोग अब “नवीनता, विशिष्टता और आधुनिकता” की तलाश में हैं। यही वजह है कि बाज़ार अब अलग-अलग समूहों के लिए विशेष अनुभव और सेवाएं तैयार कर रहा है। उपभोग का यह नया रूप सीधे-सीधे “चीजें खरीदने” से “जीवन का आनंद लेने” की ओर बढ़ता बदलाव है।

चीनी लोगों के जीवन स्तर में सुधार के साथ-साथ बाजार का विस्तार भी स्वाभाविक रूप से हो रहा है। इस वर्ष की पहली तिमाही में, सेवाओं की खुदरा बिक्री में पिछले वर्ष की तुलना में 5.5 फीसदी की वृद्धि हुई, जो इसी अवधि में वस्तुओं की खुदरा बिक्री की वृद्धि दर से 3.3 प्रतिशत अंक अधिक है। विशेष रूप से, सांस्कृतिक पर्यटन और यात्रा में उपभोग की वृद्धि में तेजी आई है, जो एक प्रमुख आकर्षण बन गया है।

पहली बार एक्सपो में भाग ले रहे स्विस ट्रैवल रिटेल दिग्गज अवोल्टा (Avolta) में उत्तरी एशिया के लिए बिजनेस डेवलपमेंट डायरेक्टर छन च्युनशी ने कहा कि वे चीनी उपभोक्ताओं के लिए 12 देशों के उत्पाद लेकर आए हैं। उन्होंने कहा, “चीनी बाजार अधिक परिपक्व और विविध होता जा रहा है, जो हमें उत्पादों की व्यापक श्रृंखला और खरीदारी के बेहतर अनुभव प्रदान करने के लिए प्रोत्साहित करता है।”

साथ ही, चीनी उपभोक्ताओं के बीच “नए” उत्पादों की बढ़ती मांग ने कंपनियों के नवाचार को बढ़ावा दिया है। वोक्सवैगन ग्रुप चाइना के उपाध्यक्ष सु पाहोंग ने कहा कि कंपनी चीन में औसतन हर दो सप्ताह में एक नई कार लॉन्च करती है। उन्होंने कहा, “चीन में तकनीकी और औद्योगिक नवाचार के गहन एकीकरण को बढ़ावा देने के साथ, कई नए क्षेत्र और अनुप्रयोग उभरेंगे। हम अपने चीनी साझेदारों के साथ सहयोग को मजबूत करने और औद्योगिक परिवर्तन की इस लहर में भाग लेने के लिए उत्सुक हैं।”

महत्वपूर्ण बात यह है कि चीन ने सक्रिय रूप से अपने द्वार खोले हैं और प्रवेश बाधाओं को लगातार कम करते हुए विदेशी कंपनियों के लिए एक के बाद एक नए रास्ते खोल दिए हैं। सेवा क्षेत्र को खोलने के लिए व्यापक पायलट कार्यक्रम के विस्तार से लेकर मुक्त व्यापार क्षेत्रों की संख्या बढ़ाकर 23 करने तक, चीन का खुलेपन का “रोडमैप” तेजी से स्पष्ट होता जा रहा है।

वसंत ऋतु में चीन में पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है। इसी बीच, 15 अप्रैल को दक्षिण चीन के क्वांगतोंग प्रांत की राजधानी क्वांगचो में 139वां चीन आयात-निर्यात मेला (कैंटन मेला) शुरू हुआ। एक के बाद एक आयोजित होने वाले ये एक्सपो या मेले दुनिया के लिए चीन के निरंतर खुलेपन को दर्शाते हैं। चीनी शैली के आधुनिकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली विदेशी निवेशित कंपनियां, चीन के साथ मिलकर एक बेहतर भविष्य का निर्माण करेंगी।।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें