Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

चीन ने छह देशों के नेताओं पर ताइवान में सम्मेलन में हिस्सा न लेने का बनाया दबाव

July 28, 2024

चीन ने छह देशों के नेताओं पर ताइवान में सम्मेलन में हिस्सा न लेने का बनाया दबाव

बीजिंग:  चीन के राजनयिक कम से कम छह देशों के नेताओं पर ताइवान में प्रस्तावित चीन केंद्रित सम्मेलन में हिस्सा न लेने का दबाव बना रहे हैं। बैठक में भाग लेने की योजना बना रहे नेताओं ने यह जानकारी दी।  बोलिविया, कोलंबिया, स्लोवाकिया, उत्तर मैसेडोनिया, बोस्रिया एवं हर्जेगोविना और एक अन्य एशियाई देश (जिसने नाम उजागर करने से इनकार कर दिया) के नेताओं ने कहा कि उनके पास (ताइवान में होने वाली) बैठकों के संबंध में संदेश और फोन कॉल आ रहे हैं,

जिसमें उनसे पूछा जा रहा है कि क्या वे ताइवान की यात्रा करने की योजना बना रहे हैं। इन नेताओं ने चीन की इस हरकत को स्वशासित द्वीप को अलग-थलग करने का प्रयास बताया। ताइवान में चीन केंद्रित सम्मेलन सोमवार से शुरू होगा। इस सम्मेलन का आयोजन चीन पर अंतर-संसदीय गठबंधन कर रहा है, जो 35 देशों के सैकड़ों सांसदों का एक समूह है। यह समूह इस बात को लेकर चिंतित है कि लोकतांत्रिक देश बीजिंग के प्रति कैसा रुख रखते हैं।

‘एसोसिएटेड प्रेस’ ने सम्मेलन के आयोजकों और तीन नेताओं से बात की तथा चीनी राजनयिकों द्वारा उन्हें भेजे गए संदेश व ईमेल की समीक्षा की, जिसमें यह पूछा गया है कि क्या वे सम्मेलन में भाग लेने की योजना बना रहे हैं। चीन अक्सर उन नेताओं और देशों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की धमकी देता है, जो ताइवान के प्रति समर्थन दिखाते हैं। वह ताइवान को अपना हिस्सा बताता है।

चीन और ताइवान के विदेश मंत्रालयों ने अभी इस पर टिप्पणी नहीं की है। चीन पर अंतर-संसदीय गठबंधन को लंबे समय से चीन सरकार के दबाव का सामना करना पड़ा है। उसका उद्देश्य बीजिंग के संभावित खतरों के जवाब में कूटनीति को समन्वित करना है। बीजिंग ने इसके कुछ सदस्यों पर प्रतिबंध लगाया है। 2021 में चीन के सरकार प्रायोजित हैकरों ने इस समूह को निशाना बनाया था।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें