Site icon Dainik Savera Times

पर्यावरण प्रदूषण पर नियंत्रण कर दिखाया चीन ने

चीन कई वर्षों से पर्यावरण प्रदूषण से निपटने के लिए काम कर रहा है। चीन सरकार के गंभीर प्रयासों से देश में पर्यावरण की स्थिति में व्यापक सुधार देखा गया है। राजधानी पेइचिंग सहित विभिन्न शहरों में अकसर नीला आसमान देखने को मिलता है। जबकि हरियाली बढ़ाने पर भी बहुत ध्यान दिया जा रहा है। नए-नए पार्कों का निर्माण किया जा रहा है, जिनमें विभिन्न प्रकार के पेड़-पौधों के साथ-साथ पक्षी भी देखे जा सकते हैं।

यह संतुलित पारिस्थितिक तंत्र के लिए काफी महत्वपूर्ण है। गौरतलब है कि कुछ साल पहले तक चीन के कुछ शहरों में पर्यावरण प्रदूषण की समस्या मौजूद थी। जिसके कारण अकसर इस बारे में खबरें भी आती रहती थीं। लेकिन चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग और देश के बड़े नेताओं ने इस चुनौती को गंभीरता से लिया। जिसके तहत, प्रदूषण फैलाने वाले कारखानों और उद्यमों को बंद किया गया, साथ ही हरित और नवीन ऊर्जा के इस्तेमाल पर जोर दिया गया।

जिसका नतीजा आज देखने को मिल रहा है। क्योंकि इतनी बड़ी आबादी वाला देश होने के बावजूद पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ उद्यमों को संचालित करना आसान काम नहीं है। इसके बावजूद चीन ने अपनी इच्छाशक्ति दिखाकर इस समस्या से निपटने का काम किया। वहीं, पेइचिंग में पर्यावरण की स्थिति को और अच्छा करने के प्रयासों के तहत वर्ष 2035 तक 5 हज़ार किमी. से अधिक लंबा ग्रीनवे नेटवर्क स्थापित किए जाने की बात हो रही है।

पेइचिंग म्युनिसिपल कमीशन ऑफ प्लानिंग एंड नेचुरल रिसोर्सेज़ द्वारा पिछले दिनों जारी योजना के मुताबिक यह ग्रीनवे शहर के मैदानी इलाकों को पहाड़ी क्षेत्रों से जोड़ने का काम करेगा। जिससे न केवल लोगों को साइकिल चलाने के लिए एक अलग और विशेष मार्ग मिलेगा, बल्कि पर्यावरण की गुणवत्ता में भी सुधार होगा। हालांकि इस बीच हाल में जारी एक रिपोर्ट के अनुसार, चीन ने वर्ष 2023 में पर्यावरणीय गुणवत्ता में लगातार सुधार के लिए अच्छी गति बनाए रखी।

इस दौरान देश और दुनिया में वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्रतिकूल और मौसम संबंधी परिस्थितियों के बीच चीन की स्थिति अच्छी कही जा सकती है। बताया जाता है कि कोरोना महामारी के बाद आर्थिक गतिविधियों में तेजी से सुधार हुआ। जिसके कारण वायु प्रदूषकों के उत्सर्जन में व्यापक वृद्धि के बाद भी चीन की वायु गुणवत्ता संतोषजनक रही। इसे देखते हुए कहा जा सकता है कि चीन ने वायु प्रदूषण की समस्या से निपटने में व्यापक तौर पर प्रयास किए हैं। जो वैश्विक जलवायु परिवर्तन की चुनौती को हल करने में भी मददगार साबित हो सकते हैं।

(अनिल पांडेय, चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

Exit mobile version