Last Updated: October 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

चीन ने रूस और यूक्रेन से शांति वार्ता में गति बनाए रखने का आग्रह किया

June 21, 2025

चीन ने रूस और यूक्रेन से शांति वार्ता में गति बनाए रखने का आग्रह किया

संयुक्त राष्ट्र में चीन के उप स्थायी प्रतिनिधि कंग श्वांग ने 20 जून को सुरक्षा परिषद में यूक्रेन मुद्दे पर चर्चा में रूस और यूक्रेन से शांति वार्ता की गति बनाए रखने का आग्रह किया।

कंग श्वांग ने कहा कि रूस और यूक्रेन ने हाल ही में तुर्की के इस्तांबुल में दूसरे दौर की वार्ता की, जिसमें शहीद सैनिकों के अवशेषों और घायल सैनिकों के आदान-प्रदान, तथा अलग हुए बच्चों को उनके परिवारों के पास वापस भेजने में सहायता जैसे मुद्दों पर आम सहमति हुई। चीन इन सकारात्मक घटनाक्रमों का स्वागत करता है, दोनों पक्षों को वार्ता का नया दौर आयोजित करने के लिए प्रोत्साहित करता है और शांति की दिशा में सभी प्रयासों का समर्थन करता है।

साथ ही, चीन रूस और यूक्रेन द्वारा एक-दूसरे के खिलाफ बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमलों को लेकर बेहद दुखी और चिंतित है, जिसके कारण दोनों पक्षों में भारी नागरिक हताहत हुए हैं और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि यूक्रेन संकट में विरोधाभास जटिल हैं और इसमें विभिन्न हितधारक शामिल हैं। युद्ध विराम हासिल करना और शांति बहाल करना आसान नहीं है, और इसके लिए अभी भी अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से निरंतर प्रयासों की आवश्यकता है।

कंग श्वांग ने इस बात पर जोर दिया कि किसी भी संघर्ष का अंतिम बिंदु वार्ता की मेज ही है। चीन सम्बंधित पक्षों के बीच संपर्क बनाए रखने और वार्ता जारी रखने का समर्थन करता है, ताकि संवाद और परामर्श के माध्यम से सभी पक्षों के स्वीकार्य वाले निष्पक्ष, स्थायी और बाध्यकारी शांति समझौते पर पहुंचाया जा सके।

उन्होंने आगे कहा कि अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को युद्ध विराम, शांति और वार्ता के लिए अधिक तर्कसंगत आवाज उठानी चाहिए, विश्वास बढ़ाने और मध्यस्थता एवं समझौता करने के लिए और अधिक कूटनीतिक प्रयास करने चाहिए, ताकि संकट के शीघ्र राजनीतिक समाधान को बढ़ावा देने के लिए सकारात्मक माहौल बनाया जा सके। इस सम्बंध में, चीन ने अमेरिका से कूटनीतिक प्रयासों पर ध्यान केंद्रित करने और निराधार आरोप लगाना बंद करने का आग्रह किया।

कंग श्वांग के अनुसार, चीन हमेशा शांति, संवाद और मानवता के पक्ष में खड़ा है और युद्ध विराम तथा राजनीतिक समाधान का समर्थन करता है। चीन संकट के शीघ्र राजनीतिक समाधान को बढ़ावा देने में रचनात्मक भूमिका निभाने के लिए अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के साथ काम करने को तैयार है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें