
Chinese Communist Party: साल 1921 में कुछ दर्जन सदस्यों वाली एक छोटी सी पार्टी आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन गयी है, जबकि चीन एक गरीब और पिछड़े देश से खुशहाल और दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। हाल के दशकों में चीन ने करोड़ों लोगों को गरीबी के चंगुल से मुक्त कराया और अत्यधिक गरीबी को भी खत्म करने में कामयाबी हासिल की। इतना ही नहीं चीन ने संयुक्त राष्ट्र के गरीबी उन्मूलन संबंधी सतत विकास लक्ष्य को समय से कई वर्ष पहले पूरा कर लिया है।
विज्ञान, तकनीक और स्वास्थ्य व शिक्षा से लेकर विभिन्न क्षेत्रों में चीन अग्रणी भूमिका निभा रहा है। चीन सरकार और चीनी कम्युनिस्ट पार्टी देश को प्रगति के पथ पर अग्रसर कर रही है। विश्व के तमाम देशों को जितना विकास करने में एक सदी से अधिक समय लगा, चीन ने उससे ज्यादा विकास सिर्फ चार दशकों में कर दिखाया है। यह आश्चर्य और करिश्मा संगठित पार्टी, कार्यकर्ताओं, नागरिकों के योगदान और अनुशासन के बिना संभव नहीं था। इस साल चीनी कम्युनिस्ट पार्टी महासचिव और राष्ट्रपति शी चिनफिंग के नेतृत्व में अपनी स्थापना की 105वीं वर्षगांठ मना रही है। इस अवसर पर 1 जुलाई को पेइचिंग के जन वृहद भवन(दी ग्रेट हॉल आफ द पीपुल) में आयोजित समारोह में शी चिनफिंग ने पार्टी और आम लोगों के हित में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सदस्यों को ‘जुलाई एक पदक’ प्रदान किया।
इस दौरान उन्होंने नये युग और नये अभियान में पार्टी के मिशन और कार्य पूरा करने के लिए सीपीसी के सदस्यों से विश्वास मजबूत करने करते हुए लगातार संघर्ष कर युग और जनता को निराश न करने वाली नयीं उपलब्धियां हासिल करने को कहा। गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों में, चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यों और उपलब्धियों की व्यापक चर्चा हो रही है, और ऐसा होना भी चाहिए, क्योंकि सीपीसी ने गरीबी, भुखमरी और अभाव से जूझ रहे देश को एक नई दिशा दी और रास्ता दिखाया।
शायद ही किसी ने पहले सोचा होगा कि दुनिया के सबसे पिछड़े देशों में शामिल चीन कभी विश्व की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। इसके साथ ही, चीन दुनिया का मैन्युफैक्चरिंग हब और वैश्विक अर्थव्यवस्था का इंजन बनकर भी अहम भूमिका निभा रहा है। यह कम हैरानी की बात नहीं है कि चीन ने करोड़ों नागरिकों को गरीबी से बाहर निकाल दिया है। वर्ष 2012 में सत्ता में आने के बाद, राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने गरीबी खत्म करने और लोगों को बेहतर जीवन देने के लिए व्यापक अभियान शुरू किया। साथ ही भ्रष्टाचार पर लगाम कसने के लिए सख्त कदम उठाए।
बता दें कि चीन ने अत्यधिक गरीबी को पूरी तरह से खत्म कर दिया है। पिछले कुछ दशकों में लगभग 9 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए, इस तरह लोगों का जीवन खुशहाल हो रहा है। जैसा कि हम जानते हैं, चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की स्थापना को 105 साल हो चुके हैं। एक सदी से अधिक समय में सिर्फ 50 सदस्यों वाली पार्टी, जिसकी बैठक चच्यांग प्रांत के च्यासिंग में नानहू(साउथ लेक) में हुई थी, 10.1 करोड़ से ज़्यादा सदस्यों वाली पार्टी बन गई है। इसके पास 54 लाख से अधिक ग्रासरूट स्तर के पार्टी संगठन भी हैं।
गौरतलब है कि सीपीसी और सरकार के निर्देशन में चीन में पिछले चार-पांच दशकों में जबरदस्त विकास हुआ। शनचन जो कभी एक मछली पकड़ने वाला गांव था, आज आधुनिक शहर बन चुका है, जहां तमाम गगनचुंबी इमारतें विकास की कहानी खुद बयान करती हैं। इस शहर में कई बहुराष्ट्रीय कंपनियों के ऑफिस खुल चुके हैं। अगर जीडीपी की बात करें तो शनचन की जीडीपी 3.87 ट्रिलियन युआन से अधिक पहुंच चुकी है। शनचन जैसे कई ऐसे शहर हैं जहां 1978 में ओपन डोर पॉलिसी लागू होने के बाद व्यापक परिवर्तन आया है।
अब चीन का ध्यान एक आधुनिक, स्मार्ट और ग्रीन अर्थव्यवस्था बनाने के लिए उच्च-गुणवत्ता वाले विकास की ओर है। इस तरह चीन तकनीक, साफ़-सुथरी, ग्रीन एनर्जी और कंज्यूमर खर्च के ज़रिए घरेलू संपत्ति बढ़ाना चाहता है। इस साल चीन का 15वां पंचवर्षीय योजना शुरू हो गयी है, साथ ही, पिछली पंचवर्षीय योजना भी विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों को लागू करने के मामले में बहुत सफल रही थी।
14वीं पंचवर्षीय योजना (2021-2025) के दौरान, चीन का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी)140 ट्रिलियन युआन से अधिक हुआ और प्रति व्यक्ति खर्च-योग्य आय में 5.4 प्रतिशत की औसत वार्षिक दर से वृद्धि हुई। जो यह दर्शाता है कि चीन कम्युनिस्ट पार्टी के नेतृत्व में प्रगति के मार्ग पर अग्रसर है। जाहिर है कि सीसीपी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में आम चीनी नागरिकों के जीवन में बहुत बदलाव आया है। पिछले कुछ दशकों में चीन ने विकास में इतनी बड़ी छलांग लगाई है कि पूरी दुनिया आश्चर्यचकित है। एक समय था जब चीनी लोगों को दो जून की रोटी भी नसीब नहीं हो पाती थी, लेकिन आज चीन पूरी तरह आत्मनिर्भर हो चुका है, जो विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय संकटों और समस्याओं के समाधान में अहम भूमिका निभाता है।
(अनिल पांडेय चाइना मीडिया ग्रुप)
मेष: दिन शुभ रहेगा...