Site icon Dainik Savera Times

शांगहाई में होगा 12वां शांगहाई अंतर्राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी आयात एवं निर्यात मेला 

12th Shanghai International Technology Import Export Fair will held Shanghai

12th Shanghai International Technology Import Export Fair will held Shanghai

पूर्वी चीन के शांगहाई नगर सरकार के सूचना कार्यालय ने बुधवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि 12वां चीन (शांगहाई) अंतर्राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी आयात एवं निर्यात मेला 11 से 13 जून तक शांगहाई वर्ल्ड एक्सपो प्रदर्शनी एवं सम्मेलन केंद्र में आयोजित किया जाएगा। मेले की लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस वर्ष मेले में 1,006 उद्यम भाग लेंगे, जबकि 15 नई प्रौद्योगिकियों और उत्पादों को पहली बार प्रदर्शित किया जाएगा।

मेले में एक थीम हॉल, चार पेशेवर तकनीकी प्रदर्शनी क्षेत्र और एक नवाचार एवं व्यापार सेवा क्षेत्र स्थापित किए गए हैं। कुल प्रदर्शनी क्षेत्र 38 हज़ार वर्ग मीटर में फैला है, जहां 22 देशों और क्षेत्रों तथा चीन के 24 प्रांतों और क्षेत्रों की नवाचार उपलब्धियां प्रदर्शित की जाएंगी। मेले के दौरान उद्घाटन समारोह के अलावा मुख्य अतिथि शहरों, अंतर्राष्ट्रीय संगठनों और बौद्धिक संपदा से जुड़े तीन थीम दिवस आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही, 40 से अधिक प्रचार और व्यावसायिक गतिविधियां भी होंगी।

प्रदर्शनी क्षेत्र नए उद्योगों और उभरती तकनीकों पर केंद्रित होंगे। डिजिटल प्रौद्योगिकी क्षेत्र में एआई, लार्ज लैंग्वेज मॉडल, वाणिज्यिक क्रिप्टोग्राफी, इंडस्ट्रियल इंटरनेट और स्मार्ट बंदरगाह जैसी अत्याधुनिक तकनीकों को प्रदर्शित किया जाएगा। ग्रीन टेक्नोलॉजी क्षेत्र में ग्रीन फ्यूल, ऊर्जा भंडारण एवं परिवहन, कृषि प्रौद्योगिकी और पर्यावरण अनुकूल नवाचारों पर ध्यान दिया जाएगा। समुद्री प्रौद्योगिकी क्षेत्र में स्मार्ट जहाज़, समुद्री इंजीनियरिंग उपकरण और समुद्री संचार तकनीकों का प्रदर्शन होगा। वहीं, उपभोक्ता एवं स्वास्थ्य प्रौद्योगिकी क्षेत्र में स्मार्ट होम, ब्रेन–कंप्यूटर इंटरफेस, पुनर्वास और वृद्ध देखभाल से जुड़ी नई तकनीकों और उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा।

संबंधित अधिकारियों के अनुसार, मेले में 236 उच्च–प्रौद्योगिकी उद्यम, विशेषज्ञता आधारित नवाचार उद्यम और ‘गज़ेल उद्यम’ भाग लेंगे। मेले में अग्रणी, उभरते और भविष्य के उद्योगों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियां और नवाचार प्रस्तुत किए जाएंगे। इनमें 15 नई प्रौद्योगिकियां और उत्पाद पहली बार दुनिया के सामने पेश किए जाएंगे। 

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

Exit mobile version