China shoe factory Fire: चीन के पूर्वी फ़ुजियान प्रांत के जिनजियांग शहर में गुरुवार को एक जूता फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इस हादसे में कम से कम 28 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के घायल और लापता होने की आशंका है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
चीनी सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, आग दोपहर करीब 12:04 बजे फैक्ट्री में लगी। देखते ही देखते आग ने कई मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। मौके से सामने आए सीसीटीवी फुटेज में फैक्ट्री से घना काला धुआं उठता दिखाई दिया, जबकि कई कर्मचारी इमारत की छत पर फंसे नजर आए और मदद का इंतजार करते रहे।
दमकल विभाग और बचाव दल मौके पर
सूचना मिलते ही दमकल विभाग और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। करीब 183 बचावकर्मी और 35 दमकल व अन्य आपातकालीन वाहन राहत कार्य में लगाए गए हैं। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया, लेकिन इमारत के कुछ हिस्सों में अब भी आग और धुएं के कारण बचाव अभियान में मुश्किलें आ रही हैं।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आग फैक्ट्री के ग्राउंड फ्लोर से शुरू हुई थी। वहां जूते बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान और बड़ी मात्रा में ज्वलनशील गोंद (ग्लू) रखा हुआ था। इसी वजह से आग बहुत तेजी से पूरी इमारत में फैल गई। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है।
राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश
घटना के बाद चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि फंसे हुए सभी लोगों को सुरक्षित निकालने, घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने और राहत कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि हादसे की वजह का जल्द से जल्द पता लगाया जाए और यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
राष्ट्रपति शी ने यह भी कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को हर संभव सहायता दी जाए और बचाव अभियान तब तक जारी रखा जाए, जब तक सभी लापता लोगों का पता नहीं चल जाता। फिलहाल प्रशासन आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रहा है।

