Site icon Dainik Savera Times

“चीन श्रृंखला” कैसे बन रही है वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला की नई ताकत?

Smart Packaging Innovation Center

Smart Packaging Innovation Center

Smart Packaging Innovation Center: फ्रांस की लॉरियल ने अपना पहला स्मार्ट पैकेजिंग इनोवेशन सेंटर लॉन्च किया, जर्मनी की सीमेंस हेल्थिनियर्स ने चीन में निर्मित अपना पहला हाई-एंड सीटी स्कैनर पेश किया, जबकि अमेरिका की मेडट्रॉनिक ने अपने एआई-संचालित संपूर्ण स्वास्थ्य सेवा समाधानों का प्रदर्शन किया। 22 से 26 जून तक आयोजित चौथे चीन अंतर्राष्ट्रीय आपूर्ति श्रृंखला एक्सपो (CISCE) में यह साफ़ दिखाई दिया कि डिजिटल प्रौद्योगिकियां पूरी औद्योगिक श्रृंखला को नई ताकत दे रही हैं। साथ ही, इन वैश्विक नवाचारों के पीछे “चीन श्रृंखला” का मजबूत समर्थन भी अहम भूमिका निभा रहा है।

एक्सपो में अतिथि देश के प्रतिनिधि और ऑस्ट्रेलियाई व्यापार एवं निवेश आयोग में ग्रेटर चाइना के महाप्रबंधक डोमिनिक ट्रिनिडेड ने कहा कि चीन के प्रौद्योगिकी उद्योग का तेज़ विकास उल्लेखनीय है। उनके अनुसार, CISCE दुनिया भर की कंपनियों और उनके चीनी साझेदारों को एक पेशेवर मंच उपलब्ध कराता है, इसलिए इसका आयोजन बेहद उपयुक्त समय पर हो रहा है।

आपूर्ति श्रृंखला सहयोग पर केंद्रित दुनिया की पहली राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी के रूप में इस वर्ष के CISCE में 85 देशों और क्षेत्रों की 1,200 से अधिक कंपनियों ने भाग लिया, जो अब तक का नया रिकॉर्ड है। इनमें विदेशी प्रदर्शकों की हिस्सेदारी 36.5 प्रतिशत रही, जबकि फॉर्च्यून ग्लोबल 500 कंपनियों और उद्योग जगत की अग्रणी कंपनियों की भागीदारी 65 प्रतिशत से अधिक रही। इस बार की एक खास उपलब्धि यह भी रही कि 115 चीनी और विदेशी कंपनियों तथा संस्थानों ने अगले संस्करण के लिए पहले ही अपनी जगह बुक करा ली है। यह पिछले वर्ष की तुलना में 12.7 प्रतिशत अधिक है। इससे स्पष्ट होता है कि CISCE का “चेन” पर ध्यान और भी अधिक केंद्रित है।

इस वर्ष जारी “वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला संवर्धन रिपोर्ट” के अनुसार, वर्ष 2018 से 2025 के बीच वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला संवर्धन सूचकांक, कनेक्टिविटी सूचकांक, नवाचार सूचकांक और लचीलापन सूचकांक, सभी में वृद्धि दर्ज की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, चीन लगातार वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला सहयोग के नए अवसर पैदा कर रहा है। इस वर्ष एक्सपो में रिकॉर्ड भागीदारी और इसके सकारात्मक नतीजे एक बार फिर साबित करते हैं कि जितनी अधिक वैश्विक चुनौतियां बढ़ती हैं, उतना ही अधिक देशों के बीच सहयोग की आवश्यकता होती है। वैश्विक औद्योगिक विकास में “चीन श्रृंखला” की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है।

एक लिपस्टिक से लेकर कार तक, आज हर उत्पाद एक-दूसरे से जुड़ी औद्योगिक श्रृंखलाओं का हिस्सा है। विशाल घरेलू बाज़ार, मजबूत औद्योगिक ढांचा और लगातार बढ़ती नवाचार क्षमता के दम पर “चीन श्रृंखला” दुनिया के लिए नए अवसर पैदा कर रही है। खास तौर पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी नई प्रौद्योगिकियों के तेज़ विकास के साथ चीन नवाचार और उद्योग के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर ज़ोर दे रहा है। यही वजह है कि वह वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला के आधुनिकीकरण में एक महत्वपूर्ण शक्ति बनकर उभरा है।

वैश्विक स्तर पर बढ़ते संरक्षणवाद और लगातार जारी भू-राजनीतिक तनाव के बीच “चीन श्रृंखला” ने वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला की स्थिरता बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। निकारागुआ के राष्ट्रपति के सलाहकार लॉरेआनो ओर्तेगा मुरिलो का कहना है कि “चीन श्रृंखला” ने दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा किया है। उन्होंने कहा, “यही मुख्य कारण है कि हम विशेष रूप से इस प्रदर्शनी में भाग लेने के लिए यहां आए हैं।” वहीं, सर्बिया की विदेश व्यापार और आर्थिक सहयोग मंत्री जगोडा लाज़ारेविच का मानना है कि चीन की सुव्यवस्थित औद्योगिक योजना ने उसे वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने में सक्षम बनाया है। उनके अनुसार, CISCE मुक्त व्यापार को बढ़ावा देने, औद्योगिक श्रृंखला की लचीलता मजबूत करने और वैश्विक व्यापार की स्थिरता बनाए रखने की साझा इच्छा का प्रतीक है।

आज “चीन श्रृंखला” केवल व्यापार का माध्यम नहीं, बल्कि भविष्य को जोड़ने का एक महत्वपूर्ण विकल्प बन चुकी है। यही वजह है कि दुनिया की कई बहुराष्ट्रीय कंपनियां हर साल इस एक्सपो में भाग लेने को प्राथमिकता देती हैं। चौथा चीन अंतर्राष्ट्रीय आपूर्ति श्रृंखला एक्सपो भले ही समाप्त हो गया हो, लेकिन वैश्विक औद्योगिक सहयोग की नई कहानी अभी जारी है। आने वाले समय में नवोन्मेषी और बुद्धिमान “चीन श्रृंखला” वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला व्यवस्था के साथ और गहराई से जुड़ेगी, जिससे दुनिया को अधिक स्थिरता, निश्चितता और साझा विकास का अवसर मिलेगा।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग) 

Exit mobile version