Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

चीन: त्योहारी सीजन में बढ़ती इलेक्ट्रिक कारों के लिए चार्जिंग सुविधाओं का विस्तार

February 22, 2026

चीन: त्योहारी सीजन में बढ़ती इलेक्ट्रिक कारों के लिए चार्जिंग सुविधाओं का विस्तार

चीन में इस वर्ष स्प्रिंग फेस्टिवल यात्रा अवधि के दौरान इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के यातायात में अभूतपूर्व वृद्धि होने का अनुमान है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, इस दौरान करीब 38 करोड़ ईवी यात्राएं होंगी। इस भारी भीड़ को देखते हुए, देश भर की बिजली कंपनियां और परिवहन विभाग ईवी मालिकों की चार्जिंग समस्या को हल करने के लिए कई कदम उठा रहे हैं।

पूरे देश में ईवी चालकों को बेहतर सुविधा देने के लिए हाईवे पर चार्जिंग स्टेशनों की संख्या बढ़ाई जा रही है। पूर्वी चीन के शानतोंग प्रांत में हाईवे सर्विस एरिया में 3,800 से अधिक चार्जिंग पॉइंट उपलब्ध कराए गए हैं, जो पिछले साल की तुलना में 30 प्रतिशत अधिक हैं। उधर पूर्वी चीन के च्यांगसू प्रांत में स्टेट ग्रिड ने हाईवे सर्विस एरिया में चार्जिंग पाइल्स की संख्या बढ़ाकर 3,500 से अधिक कर दी है, जो पिछले साल की तुलना में 70 प्रतिशत की वृद्धि है। इसके अलावा, व्यस्त हाईवे पर लगभग 80 मोबाइल चार्जिंग टर्मिनल भी तैनात किये गये हैं।

इस साल यात्रियों को सबसे बड़ी राहत चार्जिंग में लगने वाले समय में कमी के रूप में मिली है। देश के G1523 योंगक्वान हाईवे के लेछिंग नामक सर्विस एरिया में नए हाई-पावर चार्जिंग पाइल लगाए गए हैं। स्टेट ग्रिड की वनचोउ पावर सप्लाई कंपनी के अधिकारियों के अनुसार, इन सुधारों से बिजली आपूर्ति क्षमता पांच गुना बढ़ गई है और चार्जिंग दक्षता में 30 प्रतिशत का सुधार हुआ है। इसका सीधा फायदा यह हुआ है कि वाहन मालिकों का औसत इंतजार का समय पहले के डेढ़ घंटे से घटकर अब 20 मिनट से भी कम रह गया है।

भीड़भाड़ वाले मार्गों पर बेहतर प्रबंधन के लिए स्मार्ट तकनीक का भी उपयोग किया जा रहा है। च्यांगसू प्रांत के नानथोंग शहर में स्टेट ग्रिड ने एक स्मार्ट व्हीकल-नेटवर्क प्लेटफॉर्म का उपयोग शुरू किया है, जो चार्जिंग पाइल्स की वास्तविक समय (रियल-टाइम) निगरानी करता है और किसी भी ख़राबी की आशंका होने पर तुरंत अलर्ट भेजता है।

भीड़भाड़ वाले स्टेशनों पर संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के लिए विशेष रणनीति अपनाई जा रही है। उदाहरण के लिए, नानथोंग शहर में स्थित छिलिन सर्विस एरिया में, वाहनों को सर्विस एरिया के अंदर बने रास्ते से दूसरी तरफ जाकर चार्ज करने की सुविधा दी जा रही है, जिससे दोनों तरफ के चार्जिंग पॉइंट का बेहतर उपयोग हो सके।

सरकारी एजेंसियों और बिजली कंपनियों के इन प्रयासों से इस बार त्योहारी सीजन में इलेक्ट्रिक कार चालकों को लंबे इंतजार और चार्जिंग की चिंता से राहत मिलने की उम्मीद है। 

(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें