Site icon Dainik Savera Times

चीन ने वैश्विक ऑटोमोबाइल निर्माताओं के लिए नया मानदंड स्थापित किया: अमेरिकी मीडिया

China sets benchmark for global automobile manufacturers

China sets benchmark for global automobile manufacturers

हाल के एक लेख में, अमेरिकी मीडिया आउटलेट ब्लूमबर्ग ने कहा कि दशकों तक, ऑटोमोबाइल निर्माताओं ने जर्मन इंजीनियरिंग, डेट्रॉइट के बड़े पैमाने के उत्पादन, या जापानी कारों की विश्वसनीयता को अपना पैमाना माना। हालाँकि, आज उनकी नज़र चीन पर टिकी है, क्योंकि चीनी कंपनियाँ तेज़ विकास चक्रों, सॉफ्टवेयर-केंद्रित डिज़ाइन और लागत में भारी कटौती के ज़रिए वैश्विक ऑटोमोबाइल निर्माण के परिदृश्य को नया रूप दे रही हैं।

लेख के अनुसार, “चीनी गति” वैश्विक ऑटो उद्योग के लिए एक नया मानक बनकर उभरी है। चीनी ऑटो कंपनियाँ छोटे विकास चक्रों, गहराई से जुड़े आपूर्ति तंत्रों, साहसी नवीन विचारों और ओवर-द-एयर (OTA) तकनीक के ज़रिए वाहनों की विशेषताओं के रीयल-टाइम अपडेट के माध्यम से उद्योग के नियमों को फिर से लिख रही हैं। पारंपरिक ऑटो निर्माता, विशेष रूप से यूरोपीय कंपनियाँ अपने चीनी प्रतिस्पर्धियों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने के लिए सहयोग को एक महत्वपूर्ण मार्ग के रूप में देख रही हैं।

लेख में बताया गया है कि चीनी ऑटो कंपनियों के पास “शून्य से शुरुआत करने” का एक अनूठा लाभ है; जहाँ पारंपरिक निर्माताओं को अपने पाँच से सात साल के उत्पाद नियोजन चक्रों को छोटा करने में संघर्ष करना पड़ता है, वहीं उनके चीनी प्रतिस्पर्धी केवल दो वर्षों में एक नया मॉडल पेश कर सकते हैं। इसके अलावा, चीनी ऑटो उद्योग में कार्यबल आम तौर पर युवा और अत्यधिक फुर्तीला है- एक ऐसी जनसांख्यिकीय प्रोफ़ाइल जिसने काफी हद तक एक उद्यमशीलता संस्कृति को बढ़ावा दिया है। साथ ही, घरेलू स्तर पर कड़ी प्रतिस्पर्धा इन कंपनियों को लगातार नवाचार करने और अक्षमताओं को दूर करने के लिए प्रेरित करती है।

लेख में विश्लेषण किया गया है कि वैश्विक ऑटोमोटिव R&D (अनुसंधान और विकास) में चीन की भागीदारी लगातार बढ़ रही है, जिससे यह देश ऑटोमोबाइल अनुसंधान और विकास के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित हो रहा है। यूरोपीय ऑटो उद्योग की अग्रणी कंपनियों को जल्द ही एक महत्वपूर्ण विकल्प का सामना करना पड़ सकता है: या तो वे अपने सिकुड़ते व्यावसायिक मॉडलों को बनाए रखने का प्रयास करें, या चीनी तकनीक के साथ सहयोग को अपनाएँ। वोक्सवैगन समूह के CEO ओलिवर ब्लूम का हवाला देते हुए, लेख में कहा गया है कि वैश्विक स्तर पर, कोई भी अन्य देश ऑटोमोबाइल उद्योग में चीन जैसा निरंतर, गतिशील और तीव्र परिवर्तन लाने में सक्षम नहीं है। 

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

Exit mobile version