Site icon Dainik Savera Times

चीन के लिए ये साल है घोड़े का साल, 16 दिन चलेगा स्प्रिंग फेस्टिवल

China News

China News

अब बस कुछ ही दिन बाकी हैं और चीन में स्प्रिंग फेस्टिवल यानी चाइनीज न्यू ईयर शुरू होने वाला है। 17 फरवरी 2026 को लूनर न्यू ईयर की शुरुआत होगी और इस बार यह साल घोड़े का साल होगा। यह साल खास तौर पर फायर हॉर्स का है जो बहुत ऊर्जा, तेजी, साहस और नई शुरुआत का प्रतीक माना जाता है।चीन में यह सबसे बड़ा और सबसे महत्वपूर्ण त्योहार है। परिवार, रिश्ते-नाते, पुरानी बातें भूलकर नई उम्मीदें जगाना यही स्प्रिंग फेस्टिवल की असली खूबसूरती है। आइए जानते हैं कि इस बार त्योहार में क्या-क्या खास है?

घोड़े का साल: प्रतीक और उम्मीदें

चीनी राशिचक्र में घोड़ा सातवां जानवर है। घोड़ा तेज दौड़ने वाला, आजाद, मेहनती और साहसी होता है। 2026 में यह फायर हॉर्स है यानी आग वाली ऊर्जा दोगुनी। लोग मानते हैं कि इस साल जिंदगी में तेज बदलाव, नई हिम्मत और तरक्की आएगी। घरों में घोड़े की तस्वीरें, लाल रंग की सजावट और तुरंत अमीर बनो जैसे शुभ वाक्य दिखाई देंगे। पिछले फायर हॉर्स साल 1966 में आए थे। इस बार भी लोग बहुत उत्साह से नई शुरुआत की उम्मीद कर रहे हैं।

16 दिन चलता है स्प्रिंग फेस्टिवल

स्प्रिंग फेस्टिवल कुल 16 दिन चलता है।इस बार मुख्य छुट्टियां 17 फरवरी से 23 फरवरी तक हैं और लगातार 9 दिन की छुट्टी मिल रही है जो अब तक की सबसे लंबी छुट्टी है।

घरों में क्या-क्या होता है?

सबसे पहले घर की पूरी सफाई की जाती है ताकि पुरानी बुराइयां बाहर निकल जाएं। लाल लालटेन, कागज की खूबसूरत कटिंग्स और शुभ शब्दों वाले पोस्टर लगाए जाते हैं।न्यू ईयर ईव पर पूरा परिवार साथ बैठकर रियूनियन डिनर खाता है। इसमें डंपलिंग जो सोने की ईंट जैसे माने जाते हैं, मछली (अधिकता का प्रतीक) और न्यांगाओ (तरक्की का प्रतीक) जरूर बनता है। बच्चों को रेड एनवेलप्स (होंगबाओ) में पैसे दिए जाते हैं। आधी रात को पटाखे और आतिशबाजी होती है। त्योहार का आखिरी दिन लालटेन फेस्टिवल होता है जिसमें रंग-बिरंगे लालटेन, पहेलियां और खूबसूरत रोशनी का माहौल होता है।ये परंपराएं हजारों साल पुरानी हैं। 2024 में यूनेस्को ने स्प्रिंग फेस्टिवल को विश्व धरोहर में शामिल किया था, जिससे इसकी वैश्विक पहचान और बढ़ गई है।

यात्रा और उत्साह का रिकॉर्ड माहौल

इस बार स्प्रिंग फेस्टिवल ट्रैवल रश (चुनयुन) में रिकॉर्ड तोड़ यात्राएं होने वाली हैं। अनुमान है कि करीब 9।5 अरब यात्री यात्रा करेंगे। रेल से 54 करोड़ से ज्यादा यात्राएं, हवाई जहाज से 9।5 करोड़ यात्राएं और घरेलू उड़ानों की बुकिंग पिछले साल से 21% ज्यादा है। लोग अपने गांव-शहर जा रहे हैं, पर्यटन कर रहे हैं। होटल, ट्रैवल पैकेज और रेस्टोरेंट्स में बुकिंग बहुत तेजी से हो रही है। पूरा माहौल उत्साह और खुशी से भरा हुआ है।

अर्थव्यवस्था पर त्योहार का खास असर

स्प्रिंग फेस्टिवल चीन की अर्थव्यवस्था के लिए सबसे बड़ा खपत का मौका होता है। इस बार सरकार ने घरेलू मांग बढ़ाने को बहुत ऊपर रखा है।पिछले साल त्योहार के दौरान घरेलू पर्यटन से करीब 6।3 ट्रिलियन युआन (लगभग 880 अरब डॉलर) खर्च हुए थे। इस बार अनुमान है कि खपत में 8 से 12 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो सकती है। 30,000 से ज्यादा सांस्कृतिक और पर्यटन कार्यक्रम हो रहे हैं। लोगों को खरीदारी के लिए 360 मिलियन युआन से ज्यादा के कूपन और छूट भी दिए जा रहे हैं। शॉपिंग, खाना-पीना, ट्रैवल, इलेक्ट्रॉनिक्स, स्मार्ट गैजेट्स हर चीज में तेजी दिख रही है।

तकनीक का आधुनिक रंग

आज स्प्रिंग फेस्टिवल पुरानी परंपराओं के साथ-साथ बहुत सारी नई तकनीक से भी जुड़ गया है। WeChat और Alipay पर डिजिटल रेड एनवेलप्स भेजे जाते हैं, जिसमें लाखों करोड़ युआन ट्रांसफर होते हैं। टीवी शो स्प्रिंग फेस्टिवल गाला में पारंपरिक नृत्य के साथ AI, VR और हाई-टेक इफेक्ट्स का कमाल दिखता है। ई-कॉमर्स पर क्राइंग हॉर्स जैसे थीम वाले खिलौने और प्रोडक्ट्स खूब बिक रहे हैं।कई लोग ऑनलाइन लाइव स्ट्रीम के जरिए घर बैठे ही त्योहार मनाते हैं।कुल मिलाकर घोड़े का साल तेज दौड़ और नई ऊर्जा का साल है। स्प्रिंग फेस्टिवल सिर्फ छुट्टी नहीं है यह परिवार, संस्कृति, उम्मीद और खुशी का सबसे बड़ा जश्न है।इस बार 9 दिन की लंबी छुट्टी, रिकॉर्ड यात्राएं और सरकार की खपत बढ़ाने की कोशिश से माहौल पहले से भी ज्यादा धमाकेदार है।चाहे आप चीन में हों या कहीं और लाल रंग, डंपलिंग, पटाखे और परिवार की मुस्कान सबके दिल में एक जैसी खुशी भर देते हैं।
तो तैयार हो जाइए हैप्पी ईयर ऑफ द हॉर्स! घोड़े की तरह तेज और मजबूत कदमों से नया साल शुरू करने का वक्त आ गया है।

(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप ,पेइचिंग) (लेखक— डी के)

Exit mobile version