Site icon Dainik Savera Times

मई दिवस की छुट्टियों में चीनी बॉक्स ऑफिस चमका, 75.8 करोड़ युआन की कमाई

Chinese box office shines during May Day holiday, earning 758 million yuan

Chinese box office shines during May Day holiday, earning 758 million yuan

चीन में इस वर्ष 1 से 5 मई तक “मई दिवस” की छुट्टियां मनाई गईं। 6 मई को चीनी राष्ट्रीय फिल्म प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, पांच दिवसीय छुट्टियों के दौरान देश का कुल बॉक्स ऑफिस राजस्व 75.8 करोड़ युआन तक पहुंच गया। इस अवधि में 2 करोड़ 8 लाख 41 हजार 900 दर्शकों ने फिल्में देखीं, जबकि कुल 23 लाख 76 हजार स्क्रीनिंग आयोजित की गईं। यह पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में क्रमशः 1.41 प्रतिशत, 10.23 प्रतिशत और 2 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।

चीन ने इस वर्ष को “फिल्म अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने का वर्ष” घोषित किया है। इसके तहत लोगों को सस्ती दरों पर फिल्में दिखाने के लिए सब्सिडी दी जा रही है। इस योजना में कुल निवेश 1.2 अरब युआन का अनुमान है। आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष “मई दिवस” की छुट्टियों के दौरान औसत फिल्म टिकट की कीमत 36.3 युआन रही, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 39.5 युआन थी। यानी टिकट कीमतों में लगभग 8 प्रतिशत की कमी आई है। कम कीमतों के कारण सिनेमाघरों में दर्शकों की संख्या बढ़ी है।

इस वर्ष छुट्टियों के दौरान, “फिल्म+” मॉडल का विस्तार भी तेजी से हुआ। “फिल्म+रोड शो”, “फिल्म+वैज्ञानिक जनजागरूकता”, “फिल्म+व्यावसायिक क्षेत्र” और “फिल्म देखना+भोजन+खरीदारी+पार्किंग सुविधा” जैसे नए प्रयोगों ने बड़ी संख्या में लोगों को सिनेमाघरों तक आकर्षित किया। इसके अलावा, “फिल्म+सांस्कृतिक पर्यटन”, “फिल्म+खानपान” और “फिल्म+सांस्कृतिक एवं रचनात्मक उद्योग” जैसे विभिन्न संयोजनों ने उपभोग के नए अवसर पैदा किए हैं। इनमें “फिल्मों के साथ यात्रा” का चलन तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। कई फिल्मों की शूटिंग वाली जगहें अब चर्चित पर्यटन स्थलों में बदल रही हैं।

आंकड़ों के मुताबिक, “मई दिवस” की छुट्टियों के दौरान फिल्म बॉक्स ऑफिस ने सांस्कृतिक पर्यटन, खानपान और अन्य संबंधित उद्योगों में 11.5 अरब युआन से अधिक के उत्पादन मूल्य को बढ़ावा दिया है। इस वर्ष की शुरुआत से अब तक चीन की फिल्म उद्योग श्रृंखला का कुल उत्पादन मूल्य 210 अरब युआन से अधिक पहुंच चुका है। फिल्म उद्योग अब चीन में आर्थिक और सामाजिक विकास को गति देने तथा सेवा आधारित उपभोग को बढ़ावा देने वाला एक मजबूत इंजन बनता जा रहा है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

Exit mobile version