Site icon Dainik Savera Times

चीनी विदेश मंत्रालय ने शी चिनफिंग की डीपीआरके यात्रा की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी

oplus_537927680

कोरियाई श्रमिक पार्टी के महासचिव और कोरिया जनवादी लोकतांत्रिक गणराज्य (डीपीआरके) के राज्य मामलों के आयोग के अध्यक्ष किम जोंग उन के निमंत्रण पर, चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के महासचिव और चीन लोक गणराज्य के राष्ट्रपति शी चिनफिंग 8 से 9 जून तक डीपीआरके की राजकीय यात्रा करेंगे।

चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने 5 जून को आयोजित नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह महासचिव शी चिनफिंग की पिछले सात वर्षों में डीपीआरके की पहली राजकीय यात्रा होगी। यात्रा के दौरान दोनों देशों और दोनों पार्टियों के शीर्ष नेता द्विपक्षीय संबंधों तथा साझा हितों और चिंताओं से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।

माओ निंग ने कहा कि हाल के वर्षों में महासचिव शी चिनफिंग और महासचिव किम जोंग उन के रणनीतिक मार्गदर्शन में चीन और डीपीआरके के बीच पारंपरिक मैत्रीपूर्ण तथा सहयोगात्मक संबंधों का स्वस्थ और स्थिर विकास जारी रहा है। इससे दोनों देशों और उनके लोगों को ठोस लाभ मिला है।

बताया गया है कि इस वर्ष चीन और डीपीआरके के बीच मैत्री, सहयोग और पारस्परिक सहायता संधि पर हस्ताक्षर की 65वीं वर्षगांठ है। इस अवसर पर दोनों पक्ष चीन-डीपीआरके संबंधों को और मजबूत बनाने, दोनों देशों के लोगों के कल्याण को बढ़ावा देने तथा क्षेत्रीय और वैश्विक शांति, स्थिरता, विकास और समृद्धि में अधिक योगदान देने पर जोर देंगे।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

 

Exit mobile version