चीनी नव वर्ष (अश्व वर्ष 2026) के दौरान, चाइना मीडिया ग्रुप(सीएमजी) स्प्रिंग फेस्टिवल गाला ने दुनिया भर के चीनी लोगों और विदेशों में मित्रों को शुभकामनाएं भेजीं, वसंत उत्सव की गर्मजोशी का संदेश दिया और वसंत उत्सव तथा चीनी संस्कृति के शक्तिशाली आकर्षण को विश्व के सामने प्रस्तुत किया। अर्जेंटीना के क्लारिन अखबार ने टिप्पणी की कि स्प्रिंग फेस्टिवल गाला चीन के सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन के साथ जुड़ा है, कला और संस्कृति के प्रसार के लिए विश्व के सबसे बड़े मंचों में से एक बन गया है। स्पेन की एल मुंडो वेबसाइट के अनुसार स्प्रिंग फेस्टिवल गाला का महत्व मनोरंजन से कहीं अधिक है, यह राष्ट्रीय कथाओं – एकता, समृद्धि और सद्भाव की झलक दिखाता है।
चीनी राष्ट्र के सबसे महत्वपूर्ण पारंपरिक त्योहार के रूप में, वसंत उत्सव के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को अंतर्राष्ट्रीय समुदाय द्वारा तेजी से मान्यता मिल रही है। यह “नए साल की शुरुआत, हर चीज़ का नवीनीकरण” के सुंदर अर्थ को दर्शाता है, जो पारिवारिक पुनर्मिलन, सद्भाव और समावेशिता तथा सामंजस्यपूर्ण सह-अस्तित्व के मूल्यों को व्यक्त करता है और सार्वभौमिक मानवीय भावनाओं से मेल खाता है। कुछ विदेशी मीडिया का मानना है कि ऐसे समय में जब भू-राजनीतिक संघर्ष वैश्विक अव्यवस्था का कारण बन रहे हैं, वसंत उत्सव वैश्विक आदान-प्रदान को बढ़ावा दे रहा है।
इस साल का वसंत उत्सव, “वसंत उत्सव – चीनी लोगों की पारंपरिक नव वर्ष मनाने की सामाजिक प्रथा” को यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की प्रतिनिधि सूची में शामिल किए जाने के बाद दूसरा वर्ष है। चीनी संस्कृति में, अश्व शक्ति, लचीलेपन और दृढ़ता का प्रतीक है, जो स्थिर प्रगति और समृद्धि के उज्ज्वल भविष्य का संकेत देता है। कई देशों के नेताओं और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के प्रमुखों ने नव वर्ष की शुभकामनाएं भेजीं। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने बहुपक्षवाद और वैश्विक एकजुटता के प्रति चीन और चीनी लोगों के मजबूत समर्थन के लिए धन्यवाद व्यक्त किया। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ दोनों ने चीनी जनता को नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए “शक्ति” और “प्रेरणा” शब्दों का उल्लेख किया।
इसी बीच, दुनिया के कई हिस्सों में मंदिर मेले और लाइट शो जैसे विभिन्न रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे चीनी संस्कृति का और अधिक प्रसार हुआ। संयुक्त अरब अमीरात के दुबई के बुर्ज खलीफा में एक शानदार लाइट शो ने वसंत उत्सव को रोशन किया। बेल्जियम के ब्रुसेल्स आर्ट्स सेंटर में चीनी संगीतकारों ने लोक संगीत की एक भव्य प्रस्तुति दी। न्यूयॉर्क में “टेस्ट ऑफ चाइना” वसंत उत्सव सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक चीनी सुलेख का अनुभव किया। न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों ने हजारों लोगों के साथ नव वर्ष का जश्न मनाया। और चीन में वसंत उत्सव का अनुभव कर रहे विदेशी पर्यटकों ने सोशल मीडिया पर अपने अनुभव साझा किए। पाकिस्तान ऑब्जर्वर अख़बार के अनुसार दुनिया भर के अधिक से अधिक देशों और क्षेत्रों में वसंत उत्सव समारोहों का विस्तार आधुनिक दुनिया में एक प्राचीन सभ्यता के बढ़ते प्रभाव को दर्शाता है।
विश्वभर में वसंत उत्सव की उमंग महत्ता कोई संयोग नहीं है। हाल के वर्षों में, चीन और विश्व के बीच बढ़ते घनिष्ठ सम्बंधों और चीनी तथा विदेशी सभ्यताओं के बीच आपसी ज्ञान-साझाकरण के कारण, चीन से सम्बंधित अभूतपूर्व अंतर-सांस्कृतिक संचार कार्यक्रम देखने को मिल रहे हैं। बेहद लोकप्रिय गेम “ब्लैक मिथ: वुकॉन्ग” से लेकर फिल्म “नेचा 2” की वैश्विक सफलता और “डिजिटल तुनहुआंग” की अंतरराष्ट्रीय लोकप्रियता तक, चीनी संस्कृति की व्याख्या और प्रस्तुति करने की चीनी लोगों की क्षमता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। विशेष रूप से उच्च-तकनीकी विधियों के समर्थन से, चीन की उत्कृष्ट पारंपरिक संस्कृति में गतिशील और आधुनिकता का भाव तेजी से समाहित हो रहा है, और इसे अधिक से अधिक अंतर्राष्ट्रीय लोग समझ रहे हैं।
अशांत विश्व में, उच्च गुणवत्ता वाले विकास को बढ़ावा देने और अपने खुलेपन का विस्तार करने के लिए चीन के निरंतर प्रयासों ने विश्व को बहुमूल्य स्थिरता और निश्चितता प्रदान की है, जिससे उसे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सराहना और मान्यता प्राप्त हुई है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अधिकाधिक हस्तियां चीन को गहराई से समझने के लिए उत्सुक हैं, जिससे विदेशों में “चीन का बुखार” और “चीनी संस्कृति का बुखार” बढ़ रहा है।
(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप ,पेइचिंग)
मेष: दिन शुभ रहेगा...