Site icon Dainik Savera Times

चीनी टेबल टेनिस टीम ने विश्व चैंपियनशिप में लक्ष्य हासिल किए

2026 लंदन विश्व टेबल टेनिस टीम चैंपियनशिप रविवार को संपन्न हो गई। चीनी टीम ने पुरुष और महिला दोनों वर्गों के फाइनल में जापान को हराकर पुरुष वर्ग में लगातार 12वीं और महिला वर्ग में लगातार 7वीं बार खिताब अपने नाम किया। वांग छूछिन और सुन यिंगशा को क्रमशः सर्वश्रेष्ठ पुरुष और महिला खिलाड़ी चुना गया। चीनी टेबल टेनिस संघ के अध्यक्ष वांग लीछिन ने कहा कि टीम ने टूर्नामेंट से पहले निर्धारित सभी लक्ष्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया।

वांग लीछिन ने टीम के प्रदर्शन का मूल्यांकन करते हुए कहा कि महिला टीम और युवा पुरुष टीम, दोनों को प्रतियोगिता के दौरान कई कठिनाइयों और चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद खिलाड़ियों ने फाइनल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी खिलाड़ियों ने कभी हार नहीं मानी और दृढ़ खेल भावना का परिचय देते हुए प्रतिद्वंद्वियों को हराकर खिताब जीता।

उन्होंने यह भी कहा कि इस विश्व चैंपियनशिप से चीनी टीम को कई महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त हुए हैं। पुरुष टीम को समूह चरण में कड़ी चुनौती मिली, जबकि महिला टीम को फाइनल में कठिन मुकाबले का सामना करना पड़ा। दोनों टीमों ने दबाव की स्थिति में खुद को साबित किया।

वांग लीछिन ने आगे कहा कि वर्तमान विश्व टेबल टेनिस में कई टीमें मज़बूती से उभर रही हैं। ऐसे में चीनी खिलाड़ियों को हर मुकाबले में चुनौती देने वाली मानसिकता के साथ उतरना होगा।

उन्होंने कहा, “मुझे उम्मीद है कि चीनी टीम इस प्रतियोगिता की गंभीर समीक्षा करेगी। भविष्य के प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं में अपनी ताकत को और मज़बूत करने के साथ-साथ कमियों को पहचानकर उनमें सुधार करना होगा। लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक समेत आने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश के लिए और अधिक सम्मान हासिल करना हमारा लक्ष्य है।” 

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

 

Exit mobile version